यूपी चुनाव: असंतुष्ट नेताओं का ठिकाना बन सकती है ‘AAP’
दिल्ली विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी के प्रदेश में रुख करने के कयास से कई पार्टियों में खलबली मची हुई है। बड़ी पार्टियों के असंतुष्ट खेमों के लोग जिले में आप के वजूद को और बड़ा कर सकते हैं। आप नेताओं से मिलने को जिले के कई पार्टियों के नेता पहुंच रहे हैं।
लोकसभा चुनावों के दौरान आप को नोएडा में अच्छे खासे वोट मिले थे। वहीं, 2017 में होने वाले चुनावों के लिए आप जिला गौतमबुद्धनगर में बड़ा चेहरा तलाश रही है। इसी के मद्देनजर भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा के असंतुष्ट खेमे के लोग चेहरा बनने की फिराक में हैं।
सूत्रों के अनुसार, बड़ी पार्टियों के कुछ नेता दिल्ली में आप के नेताओं के संपर्क में हैं। वहीं, नोएडा क्षेत्र के राजनीति में आने के इच्छुक कुछ समाजसेवी भी कि आप का दामन थामकर विधानसभा तक पहुंचने की जुगत में हैं। कई नेता 14 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह में भी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।
समाजवादी पार्टी के जिला पदाधिकारी बदलने से पार्टी के अंदर नाराजगी है। बुधवार को एक वरिष्ठ नेता के घर पर असंतुष्ट पार्टी नेताओं की बैठक होनी थी, लेकिन फेरबदल से नाराज कई नेता और पूर्व पदाधिकारी लखनऊ कार्यालय नाराजगी व्यक्त करने पहुंचे हैं। सूत्रों का कहना है कि अगर पार्टी ने उनकी न सुनी तो इनमें से कुछ आप पार्टी को भी ज्वाइन कर सकते हैं।