अनियंत्रित डंपर ने चार को कुचला, बच्ची समेत दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नूंह में बुधवार सुबह गुड़गांव-अलवर रोड पर डंपर ने एक सात वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। उसे पकड़ने जब बाइक पर सवार दो युवक उसके पीछे भागे तो उन्हें भी रौंद डाला। इसी दौरान अनियंत्रित डंपर ने एक साइकिल सवार को भी कुचल दिया।
इसके बाद अनियंत्रित डंपर एक एटीएम के करीब दीवार में घुस गया। इस हादसे में बच्ची और साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जाम लगा दिया। मौके से फरार डंपर चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम लगाई गई हैं।
हादसा सुबह नौ बजे का है। गुड़गांव-अलवर रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने पहले एक सात वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के करीब मौजूद दो युवक जब बाइक पर डंपर का पीछा करने लगे तो पुराने एसएसपी दफ्तर के करीब डंपर से साइड मार कर बाइक सवारों को भी घायल कर दिया।
एटीएम के पास दीवार में घुस गया डंपर
अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रहे साइकिल सवार को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद एक एटीएम के पास की दीवार में घुस गया। इस घटना से गुस्से में भरे लोगों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
इस बीच कुछ लोग घायल युवकों को नजदीक के हसन खॉ मेवाती मेडिकल कॉलेज ले गए। घटना के बाद स्थिति बिगड़ती देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गुड़गांव-अलवर मार्ग पर कई महत्वपूर्णण जगहों पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से डंपर हादसों को अंजाम दे रहे हैं। जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने और डंपर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देने पर दोपहर बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए।
पुलिस जांच में मृतक बच्ची की पहचान नूंह के चंदेनी गांव की सात वर्षीय कहिथा के रूप में हुई है। जबकि मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने वाले साइकिल सवार मरोड़ निवासी बदलिया (55) पुत्र भोला ने दम तोड़ दिया।
घायलों में बाइक सवार युवक बीबीपुर के जब्बार खान (27) और मरोड़ा गांव के किरोड़ी (25) शामिल हैं। नूंह थाना प्रभारी अल्लाहबख्श के मुताबिक डंपर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।