{"_id":"653fc86a57c1af0efe0b4340","slug":"two-youths-were-stabbed-to-death-over-money-dispute-in-delhi-2023-10-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुछ रुपयों के लिए मार डाला: दिल्ली में 100 और 250 रुपये के बंटवारे को लेकर हुई झड़प, चाकू गोदकर की हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुछ रुपयों के लिए मार डाला: दिल्ली में 100 और 250 रुपये के बंटवारे को लेकर हुई झड़प, चाकू गोदकर की हत्या
Mon, 30 Oct 2023 08:45 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: श्याम जी.
Updated Mon, 30 Oct 2023 08:45 PM IST
सार
दिल्ली में रुपयों के विवाद में चाकू मारकर दो युवकों की हत्या कर दी गई। दोनों मामले में पुलिस जांच कर रही है। वहीं, एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
चाकू से हमला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में दो जगहों पर कुछ रुपयों के लिए बेरहमी से हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। पश्चिम विहार में 100 रुपये की टिप के बंटवारे में फटे नोट को लेकर एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई और दूसरे युवक को घायल कर दिया गया। दूसरी तरफ डाबड़ी में 250 रुपये के बंटवारे को एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पश्चिम विहार (पश्चिमी) के ज्वालापुरी में स्थित बरात घर में 27 व 28 अक्तूबर की रात सगाई कार्यक्रम था। इसमें गोलू और राहुल कैटरिंग वालों की तरफ से वेटर थे। वहीं, अंकित और एक नाबालिग टेंट वालों की तरफ से वेटर थे। यहां पर एक मेहमान ने अच्छी सर्विस को देखते हुए प्लेट पर 100 रुपये की टिप रख दी। रुपये के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में नोट फट गया। इस पर अंकित और नाबालिग इतने आग बबूला हो गए कि उन्होंने चाकू से गोलू और राहुल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
विज्ञापन
दोनों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोलू (25) को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती राहुल (25) की हालत गंभीर है। पश्चिमी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पश्चिमी विहार थानाध्यक्ष अनिल शर्मा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसआई विजय, आकाश यादव व अन्य ने जांच शुरू की। टीम ने सुलेमान नगर निवासी आरोपी अंकित और नाबालिग को वारदात के कुछ समय बाद ही पकड़ लिया। इनकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिए गए हैं।
विज्ञापन
दूसरी तरफ द्वारका के डाबड़ी में 28 अक्तूबर को जीवन पार्क निवासी शुभम (26) नामक युवक ने संदीप (27) को चाकू से गोद दिया। संदीप को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। शुभम जीवन पार्क स्थित सोम बाजार रोड पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। डाबड़ी थानाध्यक्ष धनंजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एएसआई धर्मेंद्र व अन्य की टीम ने जांच शुरू की। वारदात के कुछ घंटे बाद ही टीम ने जनकपुरी से शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता लगा कि दोनों विज्ञापन कंपनी के लिए पोस्टर चिपकाने का काम करते थे। इनको 250 रुपये मिले थे। 250 रुपये के बंटवारे को लेकर इनमें झगड़ा हो गया और शुभम ने चाकू से संदीप को गोद दिया।
राममनोहर लोहिया अस्पताल के सीनियर मनोचिकित्सक लोकेश शेखावत ने कहा कि आज के समाज में लोगों व बच्चों में समझौता व माफ करने की प्रवृति खत्म हो गई है। पहले लोग मिल-जुलकर व बांटकर खाते थे। लोगों में माफ करने की प्रवृति थी। अब लोगों को लगता है कि उसका हिस्सा उसे मिलना चाहिए। ऐसे में समाज बहुत ही डरावनी व भयानक स्थिति में जा रहा है। लोगों में संवेदनाएं खत्म हो रही हैं। अब शिक्षा में सहनशीलता व धीरज का पाठ पढ़ाने की जरूरत है। माता-पिता को भी ये पाठ पढ़ाने की जरूरत है।
मनोचिकित्सक, बीएल कपूर अस्पताल के मनोचिकित्सक मनीष जैन ने बताया कि आज समाज के लोग बहुत ज्यादा गुस्सा व डिप्रेशन में पहुंच गए हैं। हालात ये गए हैं कि लोग आग के मुहाने पर पहुंच गए हैं। छोटी से छोटी बात होने पर आदमी भड़क जाता है और वह कुछ भी कर बैठ जाता है। हालात ये हैं कि आदमी को भड़कने में समय नहीं लगता। ऐसे में अब समाज के लोगों व सरकार को देखने की जरूरत है।