पाकिस्तानी कहकर जबरदस्ती कटवा दी दाढ़ी, एफआईआर दर्ज, तीन गिरफ्तार में
घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से जफरुद्दीन डरा हुआ है और पुलिस को शिकायत देने से घबरा रहा है। नूंह (मेवात) के बादली गांव निवासी जफरुद्दीन गुरुग्राम सेक्टर-29 में ढाबा चलाता है।
मंगलवार को वह सामान लेने के लिए अपने कारीगर इब्राहिम के साथ खांडसा मंडी गया था। वहां इब्राहिम बाल कटवाने के लिए सैलून में चला गया। आरोप है कि वहां पर दो युवक पहले से बाल कटवा रहे थे।
जब इब्राहिम की बारी आई तो दोनों युवक जफरुद्दीन की दाढ़ी पर कमेंट करने लगे। युवकों ने जफरुद्दीन को इब्राहिम की तरह क्लीन सेव रखने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया।
पाकिस्तानी कहकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी
इसके बाद युवकों ने उसे पाकिस्तानी कहकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हेयर ड्रेसर ने भी युवकों से उसे छोड़ देने को कहा तो उन लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। युवकों ने जफरुद्दीन को दुकान के अंदर सीट पर बांधते हुए हेयर ड्रेसर को उसकी दाढ़ी काटने को कहा।
इनमें से एक युवक वीडियो बनाने लगा। दोनों जफरुद्दीन की दाढ़ी कटवाकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक वीडियो बना रहे युवक ने अपने दूसरे साथी को गौरव कहकर बुला रहा था।
इस मामले में शिवाजी नगर थाना प्रभारी संदीप ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी। घटना के बाद जफरुद्दीन ने अपने मोबाइल से दो बार पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल की लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हुई।