हैलो, आपका बेटा हमारे कब्जे में है... कॉल के एक घंटे बाद मासूम को पुलिस ने किया सकुशल बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के सर्फाबाद गांव में घर के बाहर खेल रहे दो साल के मासूम का मंगलवार को अपहरण कर लिया गया। अपहर्ताओं ने मासूम के पिता को फोन कर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई।
आनन-फानन में पुलिस की टीम ने चारों तरफ चेकिंग अभियान चलाया। करीब एक घंटे के बाद मासूम सेक्टर-72 के पास मिल गया। तब जाकर पुलिस की जान में जान आई। वहीं अपहरण में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-73 सर्फाबाद निवासी संदीप यादव का दो वर्षीय बेटा अद्दू उर्फ अद्विक मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अपहर्ताओं ने अद्विक का अपहरण कर लिया।
अपहरण के कुछ देर बाद बदमाशों ने उसके पिता को फोन किया और कहा कि वह उनके बेटे की हत्या करने वाला है। फोन करने वाले ने खुद का नाम सुल्तान बताया। इस पर पिता संदीप ने फोन करने वाले से कहा कि वह इसकी सूचना पुलिस को दे रहा है।
इसके बाद बदमाशों ने फोन काट दिया। दोबारा बदमाशों के नंबर पर फोन किया तो उनका नंबर स्विच ऑफ आया। इसके बाद संदीप यादव ने तुरंत अपने भाई को सूचना दी और उसके भाई ने डायल 112 को इस घटना की जानकारी दी।
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई और तमाम अधिकारी छानबीन में जुट गए। वहीं मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।
#PoliceCommissionerateNoida
— POLICE COMMISSIONERATE NOIDA (@noidapolice) July 28, 2020
थाना सेक्टर-49 नोएडा क्षेत्रांर्गत बच्चे के अपहरण की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर परिवार के सुपुर्द किया !@Uppolice pic.twitter.com/zXYecyFRcv
इसी वक्त एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले दो इंजीनियर सेक्टर- 72 मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने बच्चे को अकेला देखा। इंजीनियर ने बच्चे के लावारिस खड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही बच्चे को देखा तो उनकी जान में जान आई। इसके बाद बच्चा बरामद होने की सूचना परिवार को दी गई और बच्चे को परिवार को सुपुर्द कर दिया गया।
नोएडा के डीसीपी संकल्प शर्मा ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है और अपहरण करने वाले के बारे में भी पुलिस को लीड मिली है। हम लोग जल्द ही इस घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लेंगे।