Delhi: भाजपा नेता सुरेंदर की हत्या में नाबालिग समेत दो शूटर पकड़े, अब विधायक की हत्या करने आए थे
लारेंस बिश्रोई-संपत नेहरा-कपिल सांगवान उर्फ नंदू सिंडिकेट ने एक राष्ट्रीय पार्टी के विधायक की हत्या करने की साजिश रची है। गैंगस्टर विधायक को धमकी भी दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि घर व कार्यालय की रेकी भी की जा चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मटियाला में भाजपा नेता सुरेंदर मटियाला की हत्या में शामिल नाबालिग समेत दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा है। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर व एएसआई बाल-बाल बच गए। नाबालिग ने भाजपा नेता को उसके कार्यालय में घुसकर बहुत ही नजदीक से गोलियां मारी थीं। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया था। आरोपी लारेंस बिश्रोई-कपिल सांगवान उर्फ नंदू, संपत नेहरा-रोहित गोदारा से जुड़े हैं। गैंगस्टर रोहित ने नाबालिग को भाजपा नेता की हत्या करने की सुपारी दी थी।
विशेष पुलिस आयुक्त रविंदर सिंह यादव ने बताया कि शाखा में तैनात इंस्पेक्टर रामपाल को सूचना मिली थी कि लारेंस बिश्रोई-संपत नेहरा, कपिल नंदू-रोहित गोदारा गिरोह के दो बदमाश विरोधी गिरोह के सदस्य की हत्या करने की साजिश रचने के लिए दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एंकलेव इलाके में साथियों से मिलने आएंगे। इनमें एक शूटर सुरेंदर सोलंकी मटियाला की हत्या में शामिल है। सूचना के बाद एसीपी उमेश बड़थ्वाल की देखरेख में इंस्पेक्टर रामपाल, एसआई हेमंत कुमार, एसआई मुकेश व एएसआई नरेंदर की टीम ने आरके स्टेडियम के पास घेराबंदी की। आरोपी रात दो बजे बाइक से मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर रामपाल ने इन्हें रोका तो तो आरोपियों ने गोलियां चला दीं। एक-एक गोली इंस्पेक्टर रामपाल व एएसआई नरेंदर को लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने से दोनों बच गए।
जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाकर हवलदार अमित गुलिया व अमित कुमार की टीम ने राजस्थान निवासी शूटर पंकज (20) और नाबालिग (17 वर्ष 10 महीने) को पकड़ लिया। इनके कब्जे से तीन कारतूसों के साथ ब्राजील निर्मित पिस्टल स्वचालित टॉरस, चार कारतूस के साथ तुर्की में निर्मित जिगाना पिस्टल, पल्सर बरामद की गई।
विधायक की हत्या करने आए थे शूटर
लारेंस बिश्रोई-संपत नेहरा-कपिल सांगवान उर्फ नंदू सिंडिकेट ने एक राष्ट्रीय पार्टी के विधायक की हत्या करने की साजिश रची है। गैंगस्टर विधायक को धमकी भी दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि घर व कार्यालय की रेकी भी की जा चुकी है। ये खुलासा मुठभेड़ के बाद पकड़े गए शूटर पंकज व नाबालिग ने किया है।
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शूटरों ने पूछताछ में बताया है कि उन्हें दिल्ली में एक राष्ट्रीय पार्टी के विधायक व नीरज बवानिया गिरोह के बदमाश की हत्या का जिम्मा सौंपा गया था। गैंगस्टरों ने कुछ दिन पहले नेता को दूर रहने की धमकी भी दी थी। शूटरों का कहना है कि ये नेता विवादास्पद प्रॉपर्टी के मामलों में टांग अड़ा रहा है। दोनों शूटरों को दिल्ली में कुछ दिन पहले हथियार दिए गए थे। शूटरों के कब्जे से महंगी पिस्टल टॉरस के साथ वह जिगाना पिस्टल भी बरामद की गई है जिसका इस्तेमाल यूपी के माफिया अतीक अहमद व उसके भाई की हत्या करने के लिए किया गया था। टॉरस की कीमत साढ़े आठ लाख रुपये और जिगाना साढ़े छह लाख रुपये की है। अपराध शाखा की टीम पता लगा रही है कि शूटरों को हथियार कौन देकर गया था।
आतंक फैलाने के लिए की गई थी हत्या
आरोपी शूटरों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई-संपत नेहरा गिरोह के गैंगस्टर कपिल उर्फ नंदू और रोहित गोदारा ने काम पर रखा था। नंदू और गोदारा ने उन्हें सुरेंद्र सोलंकी की हत्या करने का काम सौंपा था, ताकि इलाके में आतंक फैलाया जा सके। मंजीत महल गिरोह को कमजोर करने की साजिश थी। संपत नेहरा ने राजस्थान में गुर्गों के जरिये शूटरों की व्यवस्था की थी। उन्हें प्रतिद्वंद्वी गिरोह नीरज बवाना गिरोह के सदस्य के एक शीर्ष गैंगस्टर की हत्या करने का काम सौंपा गया था।