एनकाउंटर में यूपी के बदमाश समेत दो ढेर, दिल्ली के प्रह्लादपुर इलाके में तड़के हुई मुठभेड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का पुल प्रह्लादपुर इलाका सोमवार तड़के गोलियां की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दरअसल यूपी के नामी बदमाश व उसके साथी से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से 30 गोलियां चलीं। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मार गिराया। बदमाशों की पहचान राजा पहलवान उर्फ रफीक उर्फ कुरैशी और रमेश उर्फ राजू उर्फ बहादुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 फरवरी को बदमाशों ने करावल नगर इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर गोलियां बरसा दी थीं। हमले में दो पुलिसकर्मी समेत तीन लोग जख्मी हो गए थे। यहां हमला करने के बाद बदमाशों ने लोनी (गाजियाबाद) में एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। दोनों हत्या के अलावा लूटपाट, चोरी, जानलेवा हमला करने जैसी कई वारदात में शामिल रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स मॉर्चरी भेज दिए हैं।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि सोमवार तड़के उनकी टीम को सूचना मिली थी कि बदमाश राजा व उसका साथी रमेश पुल प्रह्लादपुर इलाके में आने वाले हैं। बदमाश ओखला मंडी में कुछ आढ़तियों से रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे हैं। फौरन एसीपी ललित मोहन नेगी, ह्दय भूषण, इंस्पेक्टर सुनील राजैन, रविंदर जोशी व विनोद और अन्य की टीम ने छानबीन शुरू कर दी।
इस बीच 5.15 बाइक पर सवार दोनों बदमाशों को पुलिस ने आता देखकर समर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। गोलियां पुलिस की जिप्सी व चार पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
दोनों ओर से करीब 30 गोलियां चलीं, जिसमें दोनों बदमाश राजा व रमेश बुरी तरह घायल हो गए। दोनों की टांगों और सीने पर गोलियां लगी थीं। पुलिस दोनों को लेकर एम्स ट्रामा सेंटर पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजा पहलवान परिवार के साथ विकास कुंज, इंदिरा पुरी लोनी (गाजियाबाद) में रहता था, जबकि रमेश महालक्ष्मी एंक्लेव, शिव विहार, करावल नगर में रहता था।
क्या-क्या बरामद
- एक पिस्टल 9 एमएम व दो कारतूस रमेश उर्फ बहादुर के पास से बरामद।
- एक पिस्टल .30 बोर व कारतूस राजा पहलवान के पास से बरामद।
- एक बैग, इसमें एक पिस्टल .32 बोर व आठ कारतूस बरामद।
- चार पाउच बरामद, इसमें 7.62 बोर के 35 कारतूस, 7.65 बोर के 10 कारतूस और 9 एमएम के 7 कारतूस थे।
- एक पैकेट में अलग से 7.62 बोर के कारतूस।
- एक मैगजीन इसमें 9 एमएम के चार कारतूस थे।
- चोरी की बाइक, जो नंद नगरी के सुंदर नगरी इलाके से चोरी की गई थी
हाल में राजा पहलवान और रमेश के कुछ मामले
12 फरवरी को राजा पहलवान, रमेश व इनके साथियों ने करावल नगर के प्रेम नगर में प्रॉपर्टी डीलर मुकेश कुमार त्यागी के दफ्तर पर गोलियां बरसा दी थीं। उस समय मुकेश के दफ्तर में सोनिया विहार थाने का एएसआई भगवत और सिपाही पवन शादी का कार्ड देने आए थे। गोली लगने से वह भी जख्मी हो गए थे। वारदात रात करीब 8.40 बजे हुई थी।
इसके बाद रात करीब 9.20 बजे आरोपियों ने लोनी में सलमान नामक युवक को घर से बुलाकर पांच गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सलमान पहले इनका ही साथी था। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। दूसरी ओर करावल नगर में पिछले साल दोनों बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोर उर्फ लंगड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसके बाद इन लोगों ने करावल नगर में ही जावेद उर्फ फाइटर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राजा ने 2014 और 2015 में भी दो युवकों की हत्या की थी। 2015 में वह लोनी थाने में गैंगस्टर एक्ट में भी बंद हुआ था। राजा के खिलाफ दर्ज फिलहाल सात आपराधिक मामलों का पता चला है, जबकि रमेश के खिलाफ छह मामले दर्ज होने का पता चला है।
एनसीआर में रंगदारी का बड़ा रैकेट चला रहे थे
राजा और रमेश दोस्त होने के अलावा दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी का बड़ा रैकेट चला रहे थे। पिछले साल अक्तूबर में रमेश ने अपने ही पिता की प्रॉपर्टी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात में राजा भी उसके साथ मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, गैंग में खोड़ा का जितेंद्र उर्फ टीटू, करावल नगर का ईशु गुप्ता, वेलकम का आबिद मोटा और भोपुरा और जावली के कई बदमाश भी शामिल थे। दिल्ली और यूपी पुलिस को आरोपियों ने खासा परेशान किया हुआ था।