बैंक की आईडी पर बना चुके थे 150 से ज्यादा आधार कार्ड, फूफा-भतीजा गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद बैंक की पटना शाखा की आईडी पर अवैध रूप से आधार कार्ड बना रहे दो लोगों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 43 आधार कार्ड व 22 रसीद बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पिछले छह माह में आरोपी 150 से अधिक आधार कार्ड बना चुके हैं।
इसके अलावा करीब 400 का नाम-पता भी संशोधित कर चुके हैं। पुलिस उनका डाटा खंगालने के लिए पटना जाएगी। बुधवार को ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी फूफा-भतीजा हैं।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एएसआई अनूप सिंह और उनकी टीम ने राजेंद्र चौक, संजय कॉलोनी में अवैध रूप से आधार कार्ड बना रहे गांव लुचियान, जिला गाजीपुर, बिहार निवासी दीपक व विकास गुप्ता को पकड़ा था। विकास दीपक के साले का लड़का है और यहां टूर एंड ट्रैवल्स का काम करता था।
दीपक पिछले साल पटना, बिहार स्थित इलाहाबाद बैंक में आधार कार्ड बनाने का काम करता था। इस दौरान वह वहां से फरीदाबाद आ गया और यहां विकास के साथ आधार कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से रुपये ऐंठने की योजना तैयार की। दीपक ने विकास के कार्यालय में ही बोर्ड लगाकर आधार कार्ड बनाना और उसमें नाम आदि को ठीक करना शुरू कर दिया। इसके लिए वे लोगों से 400 से 500 रुपये वसूलते थे।
पिछले दिनों एक युवक अपनी मां के आधार कार्ड में नाम को ठीक करवाने आया था। इन्होंने उससे 400 रुपये ले लिए और एक-दो दिन में कार्ड लेकर जाने की बात कही। पीड़ित को कोई रसीद नहीं दी गई। इस पर युवक को कुछ शक हुआ तो उसने अपने एक जानकार को यह बात बताई।
खबर पुलिस को लगी तो उन्होंने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने सारी बात कबूल की। पुलिस ने मौके से 43 आधार कार्ड व 22 रसीद बरामद की हैं। पुलिस ने बुधवार को दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एएसआई अनूप सिंह ने बताया कि जल्द ही मामले की जांच के लिए पुलिस टीम पटना जाएगी। इसके अलावा इनके द्वारा बनाए गए डाटा को भी चेक किया जाएगा कि इन्होंने किसी गलत व्यक्ति का आधार कार्ड तो नहीं बना दिया।