70 से ज्यादा महिलाओं से ठगी: एक ने 50 तो दूसरे ने 20 को बनाया शिकार, रुपये ऐंठने के लिए बनाते थे एक ही बहाना
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सागरपुर, दिल्ली निवासी रंजीत रंजन ठाकुर (40) और सीतापुरा, द्वारका दिल्ली निवासी प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी रंजीत के पास से एक और प्रशांत के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुद को डॉक्टर, इंजीनियर और ऊंचे-ऊंचे पदों पर तैनात अधिकारी बताकर मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का झांसा देकर महिलाओं से ठगी करने वाले दो युवकों को शाहदरा जिला के साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी अलग-अलग मामलों में हुई है। दोनों आरोपियों ने 70 से ज्यादा महिलाओं के साथ ठगी की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सागरपुर, दिल्ली निवासी रंजीत रंजन ठाकुर (40) और सीतापुरा, द्वारका दिल्ली निवासी प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी रंजीत के पास से एक और प्रशांत के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी रंजीत ग्रेजुएट है और दो बच्चों का पिता भी है, इसके बावजूद वह वारदात को अंजाम दे रहा था।
केस नंबर-1
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि साइबर थाना पुलिस को 29 मार्च 2024 को एक शिकायत मिली थी। उसमें पीड़िता ने बताया कि शादी के लिए उसने खुद को sathi.com पर रजिस्टर कराया हुआ है। इस बीच किसी डॉक्टर अमन शर्मा ने उसे संपर्क किया और शादी की इच्छा जाहिर की। पीड़िता का विश्वास जीतकर आरोपी ने इमरजेंसी की बात कर उससे 1.13 लाख रुपये ठग लिए।
ठगी का अहसास होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसआई रिंकी व अन्यों की टीम ने सीडीआर के अलावा टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान का प्रयास किया गया। बाद में आरोपी रंजीत रंजन को सागरपुर से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह अब तक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का झांसा देकर 50 से ज्यादा महिलाओं व युवतियों को ठग चुका है। वह खुद को डॉक्टर बताकर अपने जान में फंसाता था। बाद में इमरजेंसी होने की बात कर पीड़िता से रुपये लेकर आरोपी गायब हो जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
केस नंबर-2
शाहदरा की एक और युवती ने खुद को jeewansathi.com पर रजिस्टर कराया हुआ था। पिछले दिनों राजबीर शर्मा नामक एक युवक ने खुद को बड़ा अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने पीड़िता से शादी की इच्छा जाहिर की। बातचीत के बाद दोनों शादी के लिए तैयार हो गए। एक दिन आरोपी ने इमरजेंसी की बात कर पीड़िता से 2.17 लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी फर्जी है। 28 मार्च 2024 को पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार और अन्यों की टीम ने मामले की पड़ताल की। बैंक डिटेल और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर प्रशांत को द्वारका के सीतापुरी से दबोच लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में प्रशांत ने बताया कि मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए आरोपी अब तक 20 से ज्यादा लड़कियों से लाखों रुपये वसूल चुका है। पुलिस बाकी शिकायतकर्ताओं की पहचान कर उनसे शिकायत लेने की तैयारी कर रही है। आरोपी से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि वारदात में और कितने लोग शामिल थे।