दिल्ली में दिन-दहाड़े दूध व्यापारी से 20 लाख की लूट, अब सीसीटीवी का आसरा
मयूर विहार फेज-3 में हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार छह बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
मयूर विहार में दूध कारोबारी से दिन-दहाड़े 20 लाख की लूट
- मयूर विहार फेज-3 में हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार छह बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
- दो बैगों में भरे कैश को लूटकर ले गए बदमाश, तीन दिन बैंक बंद होने के कारण हो गया था 20 लाख कैश एकत्रित
- बदमाशों ने कारोबारी की बाइक को टक्कर मारी, दोनों के गिरते ही पिस्टल व चाकू दिखाकर दिया वारदात को अंजाम
- वारदात के समय पीड़ित कारोबारी का रिश्ते का भाई था उसके साथ, न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने किया मामला दर्ज
- घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस कर रही छानबीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मयूर विहार इलाके में मंगलवार दिन-दहाड़े बाइक सवार छह बदमाशों ने खोड़ा कालोनी के मदर डेयरी, दूध के कारोबारी से 20 लाख रुपये लूट लिये। बैंक में तीन दिन की छुट्टी होने के कारण कारोबारी के पास 20 लाख रुपये इकठ्ठा हो गया था।
पीड़ित सोनू कुमार (26) अपने कजिन रंजीत कुमार (32) के साथ रुपये लेकर बैंक जा रहा था। इस बीच बदमाशों ने दोनों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। बाद में बदमाशों ने चाकू और पिस्टल दिखाकर दो बैगों में भरा कैश लूट लिया।
खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित सोनू कुमार परिवार के साथ खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद में रहता है। इसके परिवार में चार भाई व अन्य सदस्य हैं। सोनू ने मदर डेयरी दूध की एजेंसी ली हुई है। इलाके के सभी छोटे कारोबारियों को उसके यहां से ही दूध सप्लाई होता है।
सोनू ने पुलिस को बताया कि शनिवार,रविवार और सोमवार को बैंक बंद होने के कारण वह कैश को बैंक में जमा नहीं करा पाया। मंगलवार को बैंक खुलते ही वह अपने साथ काम करने वाले कजिन रंजीत के साथ बाइक पर दो बैग में रुपये लेकर खोड़ा कालोनी से निकला। कैश दो अलग-अलग बैंक में जमा कराना था।
सोनू बाइक चला रहा था, जबकि रंजीत बैग पकड़कर पीछे बैठा था। इस बीच दोनों जैसे ही मयूर विहार फेज-3 स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, अचानक बदमाशों ने इनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया।
इससे पहले कि यह कुछ समझ पाते बाइक सवार छह बदमाशों ने दोनों से दोनों बैग लूट लिये। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस दोनों कारोबारियों के अलावा उनके कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ हो सकता है।