एफएम रेडियो पर मिलेगी ट्रैफिक अपडेट: हैलो दिल्ली... जलजमाव से ट्रैफिक जाम है, कृपया वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें
दिल्ली में एफएम रेडियो के माध्यम से यात्रियों को वीवीआईपी मूवमेंट, विशेष व्यवस्थाओं, जलजमाव से जाम, धरना इत्यादि की जानकारी दी जाएगी ताकि वे सुविधानुसार वैकल्पिक रूट निर्धारित कर सकें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस यात्रियों को यातायात जाम, भीड़ और डायवर्जन का लाइव अपडेट देने के लिए एफएम रेडियो चैनलों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने जा रही है। पुलिस उपायुक्त (यातायात द्वारका रेंज और पब्लिक इंटरफेस यूनिट) अंकित सिंह ने बताया कि यातायात से संबंधित जानकारी रेंज से लेकर एफएम चैनलों को दी जाएगी।
दिल्ली में 1.22 करोड़ से अधिक पंजीकृत वाहन हैं। लोग वाहन चलाते समय एफएम चैनल सुनते हैं। इसके माध्यम से यात्रियों को वीवीआईपी मूवमेंट, विशेष व्यवस्थाओं, जलजमाव से जाम, धरना इत्यादि की जानकारी दी जाएगी ताकि वे सुविधानुसार वैकल्पिक रूट निर्धारित कर सकें। यातायात पुलिस की पब्लिक इंटरफेस यूनिट (पीआईयू) को शहर के सभी रेंज से संबंधित क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम के बारे में जानकारी मिलती है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस के पीआरओ के पास आती है, जिसे प्रसारण के लिए एफएम चैनलों के साथ साझा किया जाएगा। यात्रियों को विशेष मार्गों पर डायवर्जन के बारे में भी सुझाव दिया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) से मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी लेना शुरू कर दिया है। बारिश के बाद जलजमाव से ट्रैफिक जाम होना महत्वपूर्ण चुनौती है। इसके लिए अभी सोशल मीडिया और दिल्ली पुलिस के तत्पर एप सहित अन्य प्लेटफॉर्म का उपयोग यातायात की स्थिति के बारे में लोगों को अपडेट करने के लिए हो रहा है।
विशेष पुलिस आयुक्त यातायात सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि एफएम रेडियो को यात्रियों के साथ ऑटो और कैब चालकों द्वारा व्यापक तौर पर सुना जाता है। अब लोगों को यहां ट्रैफिक कंजेशन या मूवमेंट के बारे में अपडेट मिलेगी। यदि कोई आपात स्थिति है, डायवर्जन है, खराब मौसम की सूचना, जनता को इन सबका अपडेट मिलता रहेगा। दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने कहा कि यह शहर के नागरिकों तक पहुंचने का एक और कदम है। ट्रैफिक पुलिस अपने ट्विटर हैंडल के जरिए शहर में ट्रैफिक की स्थिति को नियमित रूप से अपडेट करती है, लेकिन हर कोई ट्विटर पर नहीं है। लेकिन अधिकतर ड्राइवर एफएम चैनल सुनते हैं।