Chef बना Thief: कर्ज चुकाने के लिए करने लगा झपटमारी, मकान मालिक बना मददगार; CCTV ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
आरोपी ने बताया कि वह इलाके में स्थित एक ढाबे में काम करता था। वहां से मिलने वाले वेतन से घर चलाना मुश्किल हो रहा था। साथ ही उस पर काफी कर्ज हो गया था। उसके बाद उसने लूटपाट की योजना बनाई।
विस्तार
दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में कर्ज चुकाने के लिए एक ढाबे का रसोइया झपटमारी करने लगा। वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद होने से उसकी पहचान हो गई और फिर पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी की पहचान रवि उर्फ मोटा के रूप में हुई है। आरोपी ने अपने मकान मालिक की मदद से फोन को बेच दिया था। पुलिस ने उसके मकान मालिक और खरीदार को पकड़ लिया है और उन्हें मामले की जांच में जुड़ने का नोटिस दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौ मार्च को कीर्ति नगर में फोन झपटमारी की सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि पीली रंग की टी-शर्ट पहने बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर वारदात में शामिल बदमाश रमेश नगर निवासी रवि की पहचान कर ली।
पूछताछ में रवि ने बताया कि उसने अपने मकान मालिक हरमीत के जरिए फोन को बेच दिया है। पुलिस ने उसके मकान मालिक को पकड़ा। जिसके जरिए पुलिस ने उस खरीदार दीपांशु को पकड़ कर उससे फोन बरामद कर लिया।
आगे की पूछताछ में उसने बताया कि वह इलाके में स्थित एक ढाबे में काम करता था। वहां से मिलने वाले वेतन से घर चलाना मुश्किल हो रहा था। साथ ही उस पर काफी कर्ज हो गया था। उसके बाद उसने लूटपाट की योजना बनाई। उसने शिकायतकर्ता के घर के सामने से झपटमारी को अंजाम दिया। पुलिस मकान मालिक और खरीदार को नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के लिए कहा है।