{"_id":"5b33e11b4f1c1bb06e8ba1c6","slug":"to-leave-metro-five-lakh-passengers-traveled-on-dtc-buses","type":"story","status":"publish","title_hn":"मेट्रो से उतरे पांच लाख यात्री डीटीसी में चढ़े, किराये ने तोड़ी आम लोगों की कमर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मेट्रो से उतरे पांच लाख यात्री डीटीसी में चढ़े, किराये ने तोड़ी आम लोगों की कमर
अरुण कुमार, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Thu, 28 Jun 2018 10:07 AM IST
विज्ञापन
डीटीसी बस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शान की सवारी दिल्ली मेट्रो में किराया बढ़ोतरी के बाद एक साल के भीतर पांच लाख दैनिक यात्री मेट्रो का साथ छोड़कर डीटीसी बसों का दामन थाम चुके हैं। इससे जाहिर होता है कि मेट्रो में हाईटेक सुविधाएं मिलने के बावजूद किराये की मार के आगे दैनिक यात्री मेट्रो का खर्च नहीं उठा पा रहे हैं। लिहाजा राजधानी में मेट्रो की शुरुआत के वक्त जिस तरह डीटीसी के यात्रियों में गिरावट दर्ज हुई थी, उसी तर्ज पर मेट्रो किराया वृद्धि के बाद मेट्रो यात्रियों के आंकड़ों में भी गिरावट दर्ज हुई है।
विज्ञापन
राजधानी में दिसंबर 2002 में दिल्ली मेट्रो की शुरुआत हुई थी और उस वक्त डीटीसी बसों में दैनिक सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा करीब 45 लाख था। जैसे-जैसे राजधानी में मेट्रो का नेटवर्क बढ़ता गया, वैसे-वैसे डीटीसी बसों के यात्रियों की संख्या में गिरावट दर्ज हुई। लंबे समय तक डीटीसी बसों के यात्रियों में गिरावट का सिलसिला बरकरार रहा, लेकिन कम बसें होने के बावजूद अब डीटीसी बसों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक, एक साल पहले जून में जब मेट्रो के किराये में बढ़ोत्तरी हुई, तब जुलाई 2017 में डीटीसी बसों में सफर करने वाले दैनिक यात्रियों की संख्या 27 लाख थी। मेट्रो के किराये में जून और फिर अक्तूबर में हुई किराया वृद्धि के बाद अक्तूबर 2017 में डीटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 31.25 लाख पहुंच गई।
विज्ञापन
इसके बाद जनवरी 2018 में डीटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा बढ़कर 31.67 लाख हो गया। इतना ही नहीं इसी क्रम में अप्रैल 2018 में डीटीसी बसों के यात्रियों की संख्या बढ़कर 31.87 लाख दैनिक पहुंच गई। लिहाजा पिछले एक साल में डीटीसी के यात्रियों की संख्या में 6.87 लाख यात्री बढ़ गए।
वहीं सूत्रों के मुताबिक, सटीक तौर पर मेट्रो स्टेशनों से होने वाली एंट्री के आधार पर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा मई 2018 में 22.5 लाख था। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि मार्च 2017 में दिल्ली मेट्रो के यात्रियों की संख्या 27.6 लाख थी, जबकि मार्च 2018 में यह आंकड़ा 22 लाख तक आ गया।
अप्रैल 2017 में यह आंकड़ा 27.5 लाख था, जो अप्रैल 2018 में 22.67 दर्ज हुआ। वहीं मई 2017 में मेट्रो के दैनिक यात्रियों की संख्या 27.6 लाख थी, तो मई 2018 में 22.5 लाख दर्ज हुई। इन आंकड़ों के मुताबिक, एक साल के भीतर मेट्रो के यात्रियों में पांच लाख की गिरावट आई है।
दिल्ली मेट्रो के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में मेट्रो की सभी लाइनों से गुजरकर सफर करने वाले दैनिक यात्रियों का आंकड़ा करीब 45 बताया जाता है, इस हिसाब से मेट्रो में सफर करने वाले दैनिक यात्रियों की संख्या करीब 45 लाख दैनिक मानी जाती है। दरअसल मेट्रो प्रशासन एक लाइन से यात्री के चढ़ने के बाद उसके दूसरी लाइन में सफर करने को एक से ज्यादा यात्री के रूप में मानती है।
डीटीसी के यात्रियों का ग्राफ
महीना वर्ष यात्री
जुलाई 2017 27 लाख
अक्तूबर 2017 31.25 लाख
जनवरी 2018 31.67 लाख
अप्रैल 2018 31.87 लाख
मेट्रो के यात्रियों की संख्या
महीना 2017 2018
मार्च 27.6 लाख 22 लाख
अप्रैल 27.5 लाख 22.67 लाख
मई 27.6 लाख 22.5 लाख