{"_id":"dc1d76a5746d3eaa4d08eb97e6de0188","slug":"timber-traders-kidnapped-cars-and-looted-cash-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"टिंबर कारोबारियों को अगवा कर कार और कैश लूटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टिंबर कारोबारियों को अगवा कर कार और कैश लूटा
अमर उजाला, इंदिरापुरम
Updated Sun, 29 Mar 2015 06:37 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार रात को खोड़ा पुलिस बदमाशों की मारपीट के शिकार खून से लथपथ दो टिंबर कारोबारियों को तीन घंटे तक इलाके में घुमाती रही। उनका इलाज कराने के बजाय खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
विज्ञापन
इसके बाद कारोबारी अपने घर गए और निजी अस्पताल में इलाज कराया। रविवार दोपहर मामले की शिकायत इंदिरापुरम थाने में दी। पुलिस मामले को कार चोरी का बता रही है।
विज्ञापन
खोड़ा के मंगल बाजार निवासी सतीश यादव और राहुल शर्मा नोएडा सेक्टर-9 में टिंबर और प्लाईवुड का कारोबार करते हैं।
शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों राहुल की कार से सीए को टैक्स की राशि की पेमेंट करने नोएडा के चौड़ा मोड़ जा रहे थे। इस दौरान खोड़ा पुल के पास खून से लथपथ एक युवक उनकी कार के सामने आया और उनसे मदद मांगी।
विज्ञापन
युवक ने बताया कि उसे एक कार टक्कर मारकर चली गई है। उन्होंने उसे कार में बैठने को कहा। युवक के कार में बैठते ही छह और युवकों ने कार को चारों ओर से घेर लिया और कार चला रहे राहुल की कनपटी पर पिस्टल लगा दी।
बदमाशों ने राहुल और सतीश को पिछली सीट पर डाल लिया। दो बदमाश पिस्टल लगाए हुए उनके साथ बैठ गए, एक आगे बैठा और एक कार चलाने लगा, जबकि तीन बदमाश पीछे चल रही इनोवा कार में उनकी कार का पीछा करने लगे।
उन्होंने कार एनएच-24 पर विजयनगर की और दौड़ा दी। राहुल और सतीश ने विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्टल की बट मारकर दोनों को चुप रहने को कहा। इसके बाद विजयनगर से ग्रेटर नोएडा की ओर गाड़ी मोड़ ली।
बदमाशों ने गाड़ी रोककर दोनों को जमकर पीटा। रात करीब दो बजे दोनों के हाथ-पैर बांधकर बिसरख के जंगलों में फेंककर उनकी कार लेकर फरार हो गए।
सीए को देने के लिए रखे साठ हजार रुपये व कारोबारियों की सोने की अंगूठी और चेनएवं दोनों के मोबाइल भी बदमाश लूट ले गए।
जंगल में पड़े दोनों कारोबारियों ने शोर मचाकर एक ट्रक रुकवाया और ट्रक चालक से फोन लेकर पुलिस को मामले की सूचना दी। ग्रेटर नोएडा पुलिस उन्हें खोड़ा पुलिया के पास लेकर आई और खोड़ा पुलिस के सुपुर्द किया।
इसके बाद रविवार दोपहर को दोनों कारोबारियों ने थाना इंदिरापुरम में मामले की शिकायत दी। दोनों कारोबारियों के हाथ पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने नहीं कराया प्राथमिक उपचार
लोगों की पिटाई के आरोप झेल रही पुलिस का निर्दयी चेहरा एक बार फिर सामने आया है। इंदिरापुरम और खोड़ा पुलिस मामले को एक-दूसरे के क्षेत्र का बताती हुई विवाद में उलझी रही। इसके बाद खोड़ा पुलिस दोनों को पीसीआर में बैठाकर तीन घंटे तक इलाके में घुमाकर घटनास्थल पूछती रही। सुबह पांच बजे थाना इंदिरापुरम का मामला बताकर वहां छोड़कर चलती बनी। इस दौरान न तो कारोबारियों को प्राथमिक उपचार कराया गया और न ही मेडिकल कराया गया।
50 रुपये देकर घर भेजा, इसके बाद घरवालों के संग कराया इलाज
थाना इंदिरापुरम पहुंचे पीड़ितों की रात को कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई। एक पुलिसकर्मी ने कारोबारियों को 50 रुपये देकर ऑटो लेकर घर जाने को कहा। जिसके बाद दोनों कारोबारी घर पहुंचे। दोनों ने इलाज कराया और रविवार दोपहर को आकर थाने में मामले की शिकायत दी। एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि मामला कार चोरी का है। दो युवक आए थे। उन्होंने शराब पी रखी थी। लूटपाट की बात गलत है।
मामले की कराई जाएगी जांच
सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी ही नहीं है। अगर पुलिसकर्मियों की ओर से लापरवाही की गई है। तो कार्रवाई की जाएगी। खोड़ा के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।