अकेला देख सादे कपड़ों में खड़े पुलिसवाले को ही लूटने लगे बदमाश, 3 गिफ्तार
बढ़ती झपटमारी की वारदात को देखते हुए पुलिस ने रणनीति बनाकर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। मयूर विहार इलाके में रविवार को सादे कपड़ों में एक पुलिसकर्मी को मोबाइल फोन देकर सुनसान स्थान पर खड़ा किया गया।
इस दौरान चार बदमाशों ने मोबाइल लूटने की कोशिश की। लूटपाट के दौरान पुलिस ने तीन पर काबू पा लिया, जबकि एक फरार हो गया। बदमाशों से दो चाकू, दो मोबाइल फोन और दो चोरी की बाइक मिली हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश आस मोहम्मद उर्फ सोनू, सलमान खान और विकास उर्फ पाउ हैं। कुछ दिन से बदमाश सड़क पर फोन से बात करते हुए लोगों से मोबाइल झपट रहे थे। पुलिस ने मयूर विहार में समाचार अपार्टमेंट के पास मार्केट के पास सिपाही जितेंद्र को सादे कपड़ों में भेजा।
जितेंद्र फोन पर बात करने का नाटक करने लगा। दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने जितेंद्र से मोबाइल झपटने की कोशिश की। फोन झपटने में सफल न होने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर सिपाही से मोबाइल लूटने की कोशिश की। इस बीच, छिपकर बैठे पुलिसकर्मियों ने तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पीएम के रोड शो के दौरान महिला पत्रकार का फोन झपटा
अमेरिका से लौटने के बाद निकले प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान एक टीवी चैनल की महिला पत्रकार इला काजमी से फोन झपटकर बदमाश फरार हो गया। शिकायत मिलने पर दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत में इला काजमी ने कहा है कि रोड शो की कवरेज के लिए वह पालम स्थित एयरफोर्स स्टेशन के पास थीं। इसी दौरान किसी ने उनका फोन झपट लिया। इला काजमी का आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की।
रोहिणी में अभियान चलाकर दबोचे कई बदमाश
इसी तरह पूर्वी परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि अभियान चलाकर पुलिस ने 9 लूटेरे, 5 झपटमार, 9 वाहन चोर, 7 शराब तस्कर, 2 ड्रग तस्कर और 20 जुआरी गिरफ्तार किए हैं। इनके अलावा 2 भगोड़े, 14 घोषित बदमाश भी दबोचे गए। बदमाशों के पास से पुलिस ने 14 पिस्टल 9 दोपहिया वाहन, 5 सोने की चेन, 9 मोबाइल फोन, 9 तमंचे, दस कारतूस और दो चाकू बरामद किए।