पिस्टल तान बेटी को उठाने की धमकी देकर ले गए कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में तीन बदमाशों ने स्टोर कीपर की पत्नी को बंधक बनाकर घर में दिनदहाड़े लूटपाट की। बदमाश शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसे। बदमाशों ने महिला को नकली पिस्टल दिखाकर गनप्वाइंट पर ले लिया और बेटी का उठाने की धमकी देकर घर में रखी एक लाख की नकदी, ज्वेलरी और घर के नीचे खड़ी कार ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लेकर अहम सुबूत जुटाए हैं। पुलिस को घटनास्थल से नकली पिस्टल और एक असली कारतूस भी मिले हैं। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी है।
विजयनगर सेक्टर-9 स्थित ब्लॉक में सीएल सोनी पत्नी लोक मुद्रा सोनी और बेटी अंजलि सोनी के साथ चौथी मंजिल पर बने फ्लैट में रहते हैं। सीएल सोनी दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में स्टोर कीपर हैं और बृहस्पतिवार सुबह वह ड्यूटी पर गए थे। उनकी 13 साल की बेटी भी स्कूल चली गई। इस दौरान लोकमुद्रा सोनी घर में अकेली थीं। सुबह करीब 11:45 बजे तीन युवक आए और सीएल सोनी के नाम की आवाज लगाई। लोकमुद्रा दरवाजे पर पहुंचीं तो उन्होंने बताया कि शादी का कार्ड देना है।
इस पर लोकमुद्रा ने दरवाजा खोल दिया और तीनों युवक अंदर आ गए। उन्होंने कार्ड पर नाम लिखने के लिए पेन मांगा, लोकमुद्रा पेन लेने के लिए अंदर गई, इसी दौरान तीनों लुटेरों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और कनपटी पर नकली पिस्टल तानकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने लोकमुद्रा के हाथ से अंगूठी और कानों से कुंडल उतरवा लिए। बदमाशों ने घर पर रखी एक लाख की नकदी भी लूट ली।
बदमाशों ने जबरन उनकी नई कार की चाभी भी ले ली और जाते-जाते कार भी लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान पता चला है कि सीएल सोनी ज्वेलरी का भी काम करते हैं। बदमाशों ने रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। लूट की इस वारदात में पीड़ित परिवार का कोई जानकार शामिल हो सकता है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वारदात का खुलासा जल्द ही कर लिया जाएगा।
बेटी को उठा ले जाने की दी धमकी
लोकमुद्रा सोनी बताया कि उनकी बेटी अंजलि घर के पास एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है। वारदात के दौरान बदमाशों ने कार और उसके गियर लॉक की चाभी मांगी थी। लोकमुद्रा ने बरगलाने के लिए कहा कि चाभी ड्राइवर के पास रहती है। इस पर बदमाशों ने कहा कि उन्हें पता है कि उनकी बेटी किस स्कूल में पढ़ती है। वह उसे उठा ले जाएंगे और नुकसान पहुंचाएंगे। इसके बाद महिला ने बदमाशों को कार की चाभी दे दी।
मकान खरीदने को लाए थे नकदी, बदमाशों को थी जानकारी
लोकमुद्रा ने बताया कि उन्हें अपना के-ब्लाक का मकान बेचकर जे-ब्लाक में नया मकान लेना था। इसके लिए उन्होंने एक लाख रुपये घर में लाकर रखे हुए थे। बदमाशों को इसकी जानकारी थी। उन्होंने कहा था कि बताओ एक लाख रुपये कहां रखे हैं। उन्हें कार की चाभी रखने की जगह का भी पता था। ऐसे में माना जा रहा है कि लूट की इस वारदात में सोनी परिवार का कोई करीबी या जानकार शामिल है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
देर से आई थी मेड
पीड़िता लोकमुद्रा ने बताया कि उन्होंने कपड़े धोने के लिए एक मेड रखी हुई थी। वह रोजाना 11 से 11:30 बजे के बीच आती थी। बृहस्पतिवार को वह करीब एक बजे काम पर आई थी। इससे पहले बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर जा चुके थे। पूछताछ में मेड ने बताया कि वह किसी काम से बृहस्पतिवार को लेट पहुंची थी।
घटना स्थल पर मिली एयरगन और कारतूस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जांच में सामने आया है कि बदमाश कार और नकदी ही लूटने आए थे। घटना स्थल से एक एयरगन और असली कारतूस मिला है। इसी एयरगन का वारदात में इस्तेमाल किया गया है। पीड़िता का कहना है कि बदमाशों ने एक फायर भी किया था, लेकिन पुलिस को ऐसे सुबूत नहीं मिले हैं। पुलिस को मौके से कई ऐसे सुबूत मिले हैं, जिनके जरिए वह जल्द ही बदमाशों तक पहुंच सकती है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी ली है।