दिल्ली की सड़कों पर तीसरी ई-बस का ट्रायल शुरू, कैलाश गहलोत ने दिखाई हरी झंडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की खराब आबोहवा के बीच दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवा को मजबूत करने की कवायद कर रही है। इसके तहत बीते दो महीनों से दिल्ली की सड़कों पर करीब एक हजार इलेक्ट्रिक बसें उतारने की तैयारी है। इस कड़ी में बृहस्पतिवार को तीसरी ई-बस को ट्रायल के लिए सड़क पर उतारा गया। दिल्ली सरकार का दावा है कि इसका प्रस्ताव फाइनल स्टेज में है। जल्द ही निविदा से जुड़ी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तीसरी ई-बस को दिल्ली सचिवालय से हरी झंडी दिखाते हुए दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बताया कि ई-बस से जीरो फीसदी प्रदूषण होता है। इसके सहारे दिल्ली की आबोहवा साफ रखने में मदद मिलेगी। गहलोत के मुताबिक, इस बस को रूट नंबर 534 आनंद विहार-महरौली रूट पर चलाया जाएगा। बस एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद 250 किलोमीटर का सफर तय करेगी। आबोहवा साफ करने के साथ सामान्य बसों की तुलना में इससे ध्वनि प्रदूषण में भी करीब 30 फीसदी की कमी आएगी।
जल्द ही कैबिनेट में पेश होगा एक हजार बसें लाने का प्रस्ताव
ई-बस का पहला ट्रायल 3 नवंबर से शुरू किया गया था। अभी तक इसका परिणाम ठीक रहा है। इसी कड़ी में बस निर्माता कंपनियों के साथ तीसरी बस का ट्रायल शुरू किया गया है। गहलोत बताते हैं कि 1000 बस चलाने का प्रस्ताव तैयार है। जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। यहां से मंजूरी मिलने के बाद इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू होगा। गहलोत ने दावा किया कि ई-बस की पहली खेप जुलाई 2019 में दिल्ली की सड़कों पर दौडने लगेगी। डीटीसी डिपो में इसके चार्जिंग स्टेशन बनाने की दिशा में काम भी चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने ई-ऑटो का मॉडल देखा
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर बृहस्पतिवार को ई-ऑटो के तीन अलग-अलग मॉडल देखे। इस दौरान निर्माता कंपनियों ने अपने मॉडल की खूबियां भी बताईं। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग माध्यमों पर काम रही है। खास जोर वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकने पर है। इलैक्टिक वाहन इस दिशा में कारगर साबित हो सकते हैं।
इसके मद्देनजर ई-ऑटो को भी दिल्ली की सड़कों पर उतारने की योजना है। फिलहाल इनकी खूबियों की पड़ताल हो रही है। दूसरी तरफ ई-बस का ट्रायल शुरू होने पर अरविंद केजरीवाल ने परिवहन मंत्री का बधाई दी। केजरीवाल के मुताबिक, हम दिल्लीवालों की सेहत बेहतर रखने को लेकर फिक्रमंद हैं। हम अपने अधीन आने वाले सभी मसलों पर काम कर रहे हैं। सभी मिलकर दिल्ली की आबोहवा को साफ रखने में मददगार साबित हो सकते हैं।