अगर आप जानते हैं ये नियम तो नहीं कटेगा आपका चालान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए और उनका उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसने के लिए 2 सितंबर से नए यातायात नियम लागू किए गए हैं, उसके बाद से लगातार ताबड़तोड़ चालान काटे जाने की खबरें आ रही हैं। आपको भी मन ही मन यह चिंता हो रही होगी कि अगर छोटी सी चूक से आपके ऊपर भी चालान की यह गाज गिर गई, तो न जाने क्या हो जाएगा! आइए आपको बताते हैं नए ट्रैफिक नियमों से संबंधित कुछ ऐसी बातें जो आपके लिए जानना जरूरी हैं।
- किसी भी वाहन के कागजात न होने के कारण अगर आप पकड़े जाते हैं, तो ट्रैफिक पुलिस तत्काल आपकी गाड़ी का चालान नहीं काट सकती है। हालांकि पुलिस उस समय गाड़ी जब्त जरूर कर सकती है। नियमों के अनुसार चालक को गाड़ी के दस्तावेजों को पेश करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा।
- अगर चालक 15 दिन के अंदर अपनी गाड़ी के दस्तावेजों को दिखाने का दावा करता है, तो ट्रैफिक पुलिस या आरटीओ अधिकारी वाहन का चालान नहीं काट सकेंगे। इसके बाद चालक को 15 दिन के अंदर इन दस्तावेजों को संबंधित ट्रैफिक पुलिस या अधिकारी को दिखाना होगा।
- अगर आपकी गाड़ी का चालान कट ही गया है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपको चालान भरना ही पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस द्वारा काटे गए चालान को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है।
- इसके बाद अगर कोर्ट को लगता है कि चालक के पास सभी दस्तावेज हैं और उसे इन दस्तावेजों को पेश करने के लिए 15 दिन का समय नहीं दिया गया, तो अदालत की तरफ से जुर्माना माफ किया जा सकता है।
- अगर आप रैश ड्राइविंग या किसी अन्य ट्रैफिक अपराध में संंलिप्त पाए गए तब आपका तत्काल चालान कट सकता है।
बचने के लिए क्या करें-
नए नियमों के लागू होने के बाद से ट्रैफिक व्यवस्था में सख्ती आ गई है। ऐसे में आप कहीं भी ट्रैफिक पुलिस के हत्थे चढ़ सकते हैं। इसलिए आपको हर समय पूरे कागजातों के साथ और नियम से गाड़ी चलाने की जरूरत है। अगर आप भारी चालान की मार से बचना चाहते हैं तो ये कुछ चीजें हैं जिनका ध्यान रखना आपके लिए बेहद जरूरी है-
- अगर आप दोपहिया वाहन चला रहे हैं, तो खुद भी आईएसआई मार्क के हेलमेट पहने और साथ ही पिछली सीट पर बैठे साथी को भी हेलमेट पहनाएं।
- अगर आप चारपहिया वाहन चला रहे हैं तो बिना सीट बेल्ट पहने गाड़ी न चलाएं।
- शराब पी कर गाड़ी बिल्कुल न चलाएं।
- आप किसी भी वाहन को बिना इंश्योरेंस के न चलाएं।
- बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी न चलाएं।
- 18 साल से कम आयु के लोगों को कोई भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर भी जुर्माने का प्रवधान है।
- ड्राइविंग के वक्त मोबाइल पर बात नहीं करें
- दोपहिया वाहन में ओवरलोडिंग करना भी नियमों के उल्लंघन में आता है। मतलब बाइक या स्कूटर पर दो से ज्यादा लोग न बैठें। ऐसा करने पर तीन महीने के लिए आपका लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।
- इसके अलावा गाड़ी के सभी दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखें। आप ओरिजिनल दस्तावेजों के बजाय उनकी फोटो कॉपी या डिजिटल लॉकर में भी उन्हें रख सकते हैं।