Delhi: विदेश गए डॉक्टर दंपती के घर में चोरी, करीब 60 लाख के गहने और नकदी पार, गोपाल ने दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक डॉक्टर दिलीप सिंह पत्नी के साथ सेक्टर 4 स्थित डीडीए की एक सोसाइटी में रहते हैं। दिलीप सिंह इन दिनों एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए श्रीलंका गए हैं। वहीं उनकी पत्नी अनुपमा बांग्लादेश की राजधानी ढाका गई हुई है।
विस्तार
राजधानी दिल्ली के द्वारका नार्थ इलाके में डॉक्टर दंपती के घर से लाखों के गहने और विदेशी मुद्रा चोरी होने का मामला सामने आया है। दंपति अभी विदेश में हैं। दंपति का कहना है कि चोरों ने घर से करीब 60 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी करके ले गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक डॉक्टर दिलीप सिंह पत्नी के साथ सेक्टर 4 स्थित डीडीए की एक सोसाइटी में रहते हैं। दिलीप सिंह इन दिनों एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए श्रीलंका गए हैं। वहीं उनकी पत्नी अनुपमा बांग्लादेश की राजधानी ढाका गई हुई है। 11 जुलाई तड़के इनके कार चालक गोपाल ने इन्हें फोन कर बताया कि घर में सेंधमारी हुई है। चालक ने पड़ोसियों को भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के दौरान देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना करने के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाश घर में रखे सोने व हीरे के करीब 46 लाख के गहने और करीब 24.5 लाख के विदेशी मुद्रा चोरी करके ले गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।