पत्नी ऑफिस पहुंची तो गेट बंद था, टीवी की तेज आवाज आ रही थी
नई दिल्ली के मौर्या एंक्लेव में फरवरी में हुई मिर्च कारोबारी की हत्या के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में कारोबारी के नौकर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक उसे घटना से तीन दिन पहले ही काम पर रखा गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फिलहाल आरोपी के दो सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को पीतमपुरा के एमयू ब्लॉक में रहने वाले कारोबारी मुकेश ग्रोवर (60) की हत्या कर दी गई थी। परिजनों से पता चला कि मुकेश का खारी बावली में काली मिर्च का कारोबार था।
अंदर से टेलीविजन की तेज आवाज आ रही थी
उनका पीतमपुरा स्थित एक फ्लैट में कार्यालय था। अक्सर काम के सिलसिले में मुकेश अपने कार्यालय में रुक जाते थे। 24 फरवरी की रात मुकेश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों ने उन्हें फोन किया, लेकिन मुकेश का फोन स्विच ऑफ था। अगले दिन मुकेश की पत्नी स्नेहा कार्यालय पहुंची।
वहां कमरा बंद था और अंदर से टेलीविजन की तेज आवाज आ रही थी। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मुकेश का शव बेड पर पड़ा था और मुकेश के शरीर से सोने की चेन, अंगूठी के साथ साथ नगदी, मोबाइल और एटीएम कार्ड गायब थे।
जांच में पता चला कि मुकेश ने तीन दिन पहले आलम नाम के नौकर को काम पर रखा था, जो घटना के बाद से फरार था। मुकेश के परिवार वालों को आलम के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।
आरोपी पहचान छिपाकर रिक्शा चलाता था
स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक श्याम सुंदर ने आलम को नौकरी पर रखवाने वाले के जरिये उसकी पहचान की और फिर बिहार स्थित उसके घर पर दबिश दी।
जहां पुलिस को पता चला कि आरोपी दिल्ली में मौजूद है। पुलिस की टीम ने आरोपी के परिचितों के माध्यम से गत 13 अगस्त को आरोपी को अजमेरी गेट से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अजमेरी गेट इलाके में पहचान छिपाकर रिक्शा चलाता था। पुलिस ने आरोपी को बिहार के बांका जिला ले जाकर सोने की चेन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया है।