शरीर पर बम बंधी जैकेट पहनकर 10 मिनट में लूटे थे 13.5 लाख, जैकेट में जल रही थी लाइट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साइट फोर स्थित यूको बैंक में बुधवार शाम को घुसे बदमाशों ने दस मिनट में 13.5 लाख रुपये की डकैती डाल दी। बदमाशों ने कैशियर को एयरगन और बम जैसी वस्तु बंधी हुई जैकेट दिखाकर वारदात अंजाम दी।
छह बदमाशों में से दो बैंक में हेलमेट पहनकर घुसे, दो गेट पर खड़े रहे जबकि दो बदमाश उस बिल्डिंग की पार्किंग में खड़े रहे जिसमें बैंक है। जाते समय बदमाश बैंक की सहायक प्रबंधक की कार भी ले गए। कैशियर की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यूको बैंक के नियमित ग्राहक सूबे मावी 13.50 लाख रुपये निकालने आए थे। कैशियर राहुल नागर नकदी गिन रहे थे। शाम लगभग 4:20 बजे बैंक के अंदर दो बदमाश हेलमेट पहनकर घुसे।
एक बदमाश के हाथ में एयर गन थी। उसने आते ही कैशियर राहुल की कनपटी पर गन रख दी। रुपये देने में आनाकानी करने पर दूसरे बदमाश ने जैकेट खोल दी जिसमें कोई बम जैसी वस्तु बंधी थी। इसमें लाइट जल रही थी।
बदमाशों ने कहा कि हमें पता है तुम्हारी कार नीचे खड़ी है
बदमाश ने बम से उड़ाने की धमकी दी और कैशियर से 13.5 लाख रुपये लूट लिए। उनके जाने के बाद बैंक कर्मियों ने पुलिस और आसपास इसकी जानकारी दी। घटना के दौरान बैंक में कैशियर राहुल नागर, सहायक प्रबंधक रोशमी शर्मा के अलावा दो बैंक कर्मचारी नेहा, अनिल व सूबे मावी मौजूद थे।
जबकि बैंक प्रबंधक और बैंक का चपरासी साइट विजिट पर बैंक से बाहर गए हुए थे। डकैती के बाद पुलिस के अलावा फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने बैंक के अंदर से सैंपल लिए है।
बैंक में डकैती की घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एयर गन दिखाकर हुई डकैती की घटना ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
डकैती के बाद भागते समय बदमाशों ने बैंक की सहायक प्रबंधक रोशमी शर्मा से कार की चाभी मांगी। उन्होंने डकैतों से झूठ बोला कि वह ऑटो से आती है। इस पर बदमाशों ने कहा कि हमें पता है तुम्हारी कार नीचे खड़ी है। गोली मारने की धमकी पर सहायक प्रबंधक ने चाभी दी तो बदमाश वहां से फरार हो गए। जबकि 50 मीटर की दूरी पर ही पुलिस की चौकी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकालने का प्रयास कर रही है जिससे बदमाशों की पहचान हो सके। पुलिस की चार टीमें वारदात का पता लगाने में जुटी हैं। लूट में मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
- अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रथम