मामूली सी बात बनी बड़ी वारदात: दिल्ली में स्कूटी पर बैठने को लेकर नाबालिग को मारी गोली, पिता-पुत्र गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के करावल नगर में नाबालिग को गोली मारने की वारदात सामने आई है। घटना के बाद किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। जांघ में गोली आरपार हो गई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में महज स्कूटी पर बैठने के विवाद में 14 साल के एक किशोर को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में पीड़ित सोनू (14) (बदला हुआ नाम) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली सोनू की जांघ में लगकर आरपार हो गई। वारदात के चंद ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को दबोच लिया।
आरोपियों की पहचान नीरज (45) और 16 साल के इसके नाबालिग बेटे के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल 7.65 एमएम की अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी पिस्टल कहां से लाया।
पुलिस को नीरज के दूसरे बेटे मयंक और बेटे दोस्त शिवम की तलाश है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सोनू की स्कूटी पर नीरज का बेटा बैठा हुआ था। विरोध करने पर आरोपी सोनू से झगड़ा करने लगा। बाद में वह अपने पिता व भाई और अन्यों को बुला गया। मौके पर पहुंचकर नीरज ने सोनू को गोली मार दी।
पुलिस के मुताबिक, सोनू परिवार के साथ गली नंबर-7, देवी नगर, करावल नगर में रहता है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा 12 साल का छोटा भाई है। सोनू पास के स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे सोनू एमएनबी मॉर्डन स्कूल, 33 फुटा रोड, शिव विहार, करावल नगर में अपने अंकल की दुकान पर मौजूद था।
दुकान के बाहर सोनू के पिता की स्कूटी खड़ी थी। इस बीच नीरज का नाबालिग बेटा उस पर आकर बैठ गया। सोनू ने इसका विरोध किया तो वह झगड़ा करने लगा। कहासुनी के बाद नाबालिग वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद नाबालिग आरोपी अपने पिता नीरज, भाई मयंक और भाई के दोस्त शिवम के साथ वहां पहुंचा।
आरोपी वहां पहुंचते ही सोनू से दोबारा झगड़ा करने लगा। इस दौरान नीरज ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। बाद में सभी वहां से फरार हो गए। सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज देर रात नीरज व उसके बेटे को दबोच लिया। नीरज बिजली का काम करता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।