ब्यॉयफ्रेंड के कहने पर BJP नेता के खिलाफ कपड़े फाड़ने की शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर कॉलोनी थाना इलाके में बुधवार शाम को एक युवती ने पुलिस को 100 नंबर पर छेड़छाड़ की शिकायत की। शिकायत भाजपा नेता के खिलाफ थी, इस कारण पुलिस फूंक फूंक कर कदम रख रही थी।
युवती ने कोर्ट में बृहस्पतिवार को दिए बयान में पूरी कहानी से पर्दा उठा दिया। युवती का कहना था कि उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड के कहने पर शिकायत दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम पूर्वोत्तर निवासी एक युवती शिया (बदला नाम) ने 100 नंबर पर कॉल की थी कि अमर कॉलोनी थाने के सामने एक बाइक सवार युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध पर उसके कपड़े फाड़ दिए।
युवती से पूछताछ में खुला मामला
युवती के साथ उसकी पश्चिमी बंगाल निवासी सहेली भी थी। युवती ने बाइक का नंबर नोट कर लिया था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान जमरूदपुर निवासी सुनील चौधरी के रूप में हुई। सुनील भाजपा में नई दिल्ली युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष है।
शुरुआती जांच में पुलिस को युवती की शिकायत पर संदेह हुआ। युवती से पूछताछ में संदेह वाली बात मजबूत हुई। शिकायत में शिया की सहेली ने भी हस्ताक्षर किए थे।
कोर्ट में युवती ने उठाया पूरी कहानी से पर्दा
शिया के बृहस्पतिवार को कोर्ट में 164 के तहत बयान हुए। इसमें युवती ने पूरी कहानी से पर्दा उठा दिया। दरअसल सुनील चौधरी की जमरूदपुर में ही रहने वाले दो भाई राहुल व सिद्घार्थ से दुश्मनी चल रही थी।
सुनील ने इन दोनों के खिलाफ कुछ महीने पहले ग्रेटर कैलाश थाने में शिकायत दी थी कि उसे दोनों से खतरा है। दोनों पक्षों के बीच 107/150 के तहत एसीएम कोर्ट में तारीख भी पड़ रही है।
सुनील बुधवार शाम को अमर कॉलोनी थाने में तारीख पर गया था। जब वह वापस घर लौट रहा था उसी समय युवती ने 100 नंबर पर कॉल की थी। युवती ने कोर्ट में दिए बयान में कहा कि उसने राहुल व सिद्घार्थ के कहने पर 100 नंबर पर कॉल की थी।
युवती व राहुल और सिद्घार्थ की बहुत पहले से जान-पहचान है। झूठी शिकायत करवाने पर राहुल व सिद्घार्थ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।