Delhi: शिक्षिका ने यूकेजी के छात्र को क्लास में स्केल फेंककर मारा, पीड़ित को एम्स में कराना पड़ा ऑपरेशन
पीड़ित की मां अनुराधा ने बताया कि चोट लगने के बाबत पूछे जाने पर बेटे ने बताया कि 17 जनवरी को कक्षा में उसकी शिक्षिका मीनाक्षी रावत ने स्केल फेंककर मारा था। स्केल उसकी आंख पर लगी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके के एक निजी स्कूल की शिक्षिका के छह साल के छात्र पर स्केल फेंककर मारने का मामला सामने आया है। स्केल लगने से छात्र की आंख में गंभीर चोट लगी है। उसकी आंख का एम्स में ऑपरेशन हुआ है। बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़ित छात्र मां अनुराधा और पिता राजन कुमार के साथ विपिन गार्डन में रहता है। पुलिस को दी शिकायत में उसकी मां ने बताया कि वह मूलत: दरभंगा बिहार के रहने वाले हैं। उनका छह साल का बेटा भगवती गार्डन के गुड लक पब्लिक स्कूल में यूकेजी कक्षा में पढ़ता है।
अनुराधा ने बताया कि 17 जनवरी से उनके बेटे के बायीं आंख से पानी आ रहा था और वह बार बार आंख में दर्द होने की शिकायत कर रहा था। 19 जनवरी को वह अपने बेटे को लेकर इलाके के निजी अस्पताल गई। जहां जांच करने के बाद डॉक्टर ने उसकी आंख में चोट लगने और ऑपरेशन करवाने की सलाह दी।
उसके बाद परिजन बेटे को लेकर एम्स अस्पताल गए। जहां उसकी आंख की सर्जरी हुई। अभी भी उनके बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनुराधा ने बताया कि चोट लगने के बाबत पूछे जाने पर बेटे ने बताया कि 17 जनवरी को कक्षा में उसकी शिक्षिका मीनाक्षी रावत ने स्केल फेंककर मारा था। स्केल उसकी आंख पर लगी थी। अनुराधा का कहना है कि वह अपने बेटे के कक्षा में गई, जहां उसके साथ पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि शिक्षिका मीनाक्षी ने उसे स्केल फेंककर मारा था। 27 जनवरी को परिजनों ने इस बाबत थाने में शिकायत की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।