तत्काल टिकटों की धांधली रोकने के लिए बदलाव
तत्काल टिकट को लेकर हो रही मारामारी में धांधली को रोकने के लिए रेलवे ने अब गुलाबी कलर का नया फार्म जारी किया है। यानि अब गुलाबी फार्म से ही तत्काल के टिकट बुक कराए जा सकते हैं। इस फार्म के साइज को भी बढ़ाकर ए-4 कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि पहले सफेद कलर के छोटे फार्म पर ही तत्काल लिखकर टिकट प्राप्त किया जाता था। इस फार्म में किसी प्रकार की नंबरिंग नहीं की जाती थी। लेकिन अब उत्तर रेलवे ने बाकायदा गुलाबी कलर का फार्म जारी किया है।
एक फॉर्म से 4 लोगों के ही होंगे टिकट बुक
इसके ऊपर तत्काल टिकट के लिए मांगपत्र लिखा है। एक फार्म से 4 वयस्क एवं दो बच्चों के टिकट प्राप्त किए जा सकते हैं। आरक्षण काउंटर पर सुबह 8 से 9 बजे के बीच में ही फार्म वितरित किया जाता है और उसमें नंबरिंग की जाती है।
जबकि अन्य आरक्षित टिकटों के लिए सफेद कलर के छोटे फार्म कभी भी लिए जा सकते हैं। रेलवे प्रवक्ता का कहना है कि धांधली को रोकने के लिए और तत्काल टिकट कटाने वाले यात्रियों की पहचान के लिए ही नया फार्म जारी किया गया है।
आरक्षण की लाइन में आठ बजे से ही लोग लगे रहते हैं। तत्काल आरक्षण सुबह दस से 12 बजे तक होता है। समय सीमित होने और तत्काल टिकट से लोगों के वंचित न होने के लिए ही नई व्यवस्था लागू की गई है।