दिनदहाड़े सुप्रीम कोर्ट के वकील की कार लूटी, चालक को बंधक बनाकर डेढ़ घंटे तक घुमाते रहे बदमाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-125 एमिटी विश्वविद्यालय के गेट पर बुधवार को खड़ी सुप्रीम कोर्ट के वकील की फॉच्यूर्नर कार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट ली। चार बदमाशों ने पहले चालक को बंधक बनाया और करीब डेढ़ घंटे तक नोएडा में घुमाते रहे। चालक सुप्रीम कोर्ट के वकील की बेटी को लेकर एमिटी आया था। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-27 निवासी एएन राव की बेटी वसुधा एमिटी विश्वविद्यालय से बीए कर रही है। बुधवार सुबह चालक अरुण फॉच्यूर्नर से वसुधा को लेकर कॉलेज गया था। वसुधा क्लास रूम में चली गई और अरुण एमिटी के गेट नंबर 4ए के सामने कार खड़ी कर अगली सीट पर बैठ गया।
करीब डेढ़ बजे दोपहर पैदल चार बदमाश आए और कार का दरवाजा खुलवाकर उसमें बैठ गए। इसके बाद अरुण को बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया और मारपीट कर उसे कार में ही बंधक बना लिया।
बदमाश अरुण को बंधक बनाकर नोएडा में ही घुमाते रहे और उससे पर्स व मोबाइल लूट लिया। करीब डेढ़ घंटे के बाद उसे सेक्टर-148 में फेंक दिया। राहगीरों की मदद से अरुण ने सबसे पहले वसुधा को घटना की सूचना दी, इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची और चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
सड़क पर घुमाते रहे, पुलिस को नहीं चला पता
एमिटी के गेट से फॉच्यूर्नर लूट में चार बदमाश शामिल थे। इनकी पहचान व तलाश की जा रही है। एमिटी के गेट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।- अमित किशोर श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी प्रथम
बदमाशों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया और करीब डेढ़ घंटे तक नोएडा में घुमाते रहे, लेकिन पुलिस को पता तक नहीं चला। जबकि पुलिस का दावा है कि एमिटी, एक्सप्रेसवे से लेकर आसपास के स्थानों पर हमेशा पीआरवी एक्टिव रहती है।
कार की अंतिम लोकेशन बुलंदशहर के आसपास
फॉच्यूर्नर में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ है। पुलिस ने जब लूट की घटना के बाद जीपीएस चेक किया तो कार की अंतिम लोकेशन बुलंदशहर के आसपास की आई। इसके बाद जीपीएस बंद कर दिया गया। पुलिस आशंका जता रही है कि बदमाश कार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा होकर बुलंदशहर की तरफ ले गए हैं।
सीसीटीवी में कुछ नहीं दिखा साफ
एमिटी विश्वविद्यालय के गेट नंबर 4ए के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा है। दरअसल गेट के पास काफी कारें खड़ी थीं। इस कारण फुटेज में कुछ अधिक नहीं दिख रहा है, लेकिन जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस उन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। जिन रास्तों से बदमाश एमिटी के बाद कार ले गए हैं।