सुनंदा को जहर देकर मारा गया, एफआईआर दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। लंबे समय तक आत्महत्या माने जाने वाले इस केस को दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि सुनंदा पुष्कर की मौत किसी प्राकृतिक कारण या आत्महत्या की वजह से नहीं हुई थी बल्कि, जहर देकर उनकी हत्या की गई थी। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दिल्ली के सरोजनी नगर थाने में धारा 302 का मामला दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनके शरीर में पहुंचा जहर उन्हें इंजेक्शन के माध्यम से दिया गया था या मुंह से उनके शरीर में विषाक्त पदार्थ पहुंचा। पुलिस का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है।
पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि जांच के दौरान एसडीएम ने संबंधित लोगों से पूछताछ की थी। अगर जरूरत हुई तो और लोगों से भी इस संबंध में पूछताछ की जा सकती है।
Medical board gave us report which says that death was unnatural & due to poisoning: BS Bassi on Sunanda Pushkar pic.twitter.com/n3pU4MyJfa
— ANI (@ANI_news) January 6, 2015
पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ था घपला!
पुलिस कमीश्नर ने बताया कि मेडिकल बोर्ड ने 29 दिसंबर को उन्हें अपनी रिपोर्ट दी थी जिसमें कहा गया था कि सुनंदा की मौत अप्राकृतिक है। साथ ही रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया था कि सुनंदा की मौत जहर से हुई थी।
हालांकि सुनंदा की पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बिल्कुल ही उलट बात की गई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि सुनंदा पुष्कर के पेट में न तो जहर था न ही किसी प्रकार की दवा ही उनके शरीर में पाया गया था।
जबकि विसरा रिपोर्ट में सुनंदा के शरीर में दवा के ओवर डोज की बात सामने आई थी। सुनंदा पुष्कर और शशि थरूर की यह तीसरी शादी थी। सुनंदा की दूसरी शादी से 21 साल का एक बेटा भी है।
बीजेपी नेता ने जताया था हत्या का शक
बता दें कि 17 जनवरी 2014 को दिल्ली के होटल लीला के कमरा नंबर 345 में सुनंदा पुष्कर का मृत शरीर पाया गया था। पिछले साल अक्तूबर के अंत में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने रिपोर्ट दी थी कि जहर के कारण सुनंदा की मौत हुई थी।
हालांकि, रिपोर्ट में ये खुलासा नहीं किया गया था कि शरीर में जहर कैसे पहुंचा। इस केस में आए इस नये मोड़ से पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
हाईप्रोफाइल इस मामले के सामने आते ही बीजेपी के नेता सुब्रह्मणयम स्वामी का आरोप था कि सुनंदा आईपीएल में हुए घपलेबाजी के बारे में जानती थीं और वह जल्द ही इस बारे में कुछ अहम खुलासा भी करने वाली थीं। ऐसे में अचानक उनकी मौत होने के पीछे उन्होंने शुरू से ही संदेह प्रकट किया था।
पुलिस के बयान से चौंके शशि थरूर
पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने अपनी पत्नी सुनंदा पुष्कर की हत्या की खबर पर कहा कि यह सुनकर वह अवाक हैं कि उनकी पत्नी को जहर दिया गया था और पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
थरूर ने कहा कि मैं यह जानकर अवाक हूं कि पुलिस ने मेरी पत्नी की मौत के मामले में कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दायर किया है। इस केस की जांच पर मैं पूरी नजर रखूंगा और पुलिस को पूरा सहयोग दूंगा।
उन्होंने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी पत्नी की मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है। हम सभी चाहते हैं कि इस मामले की गंभीरता से जांच हो और सच सामने आए।
हालांकि मैं सुनंदा के परिवार से मिलकर यह जानने की कोशिश करूंगा कि आखिर वह कौन से तथ्य हैं जिनके आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है।
इस मामले में थरूर ने जांच एजेंसी को निशाना बनाते हुए कहा कि आज तक हमें पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट की कॉपी नहीं सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि मैं एक बार फिर निवेदन करूंगा कि रिपोर्ट की कॉपी हमें तुरंत मुहैया कराई जाए।