अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी छात्राएं, तीन की तबीयत बिगड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा लगा रही है लेकिन जिले की बेटियों को शिक्षा का हक पाने के लिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। स्कूल को अपग्रेड करने की मांग को लेकर मुजैड़ी गांव के सरकारी स्कूल की छात्राओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इस दौरान भीषण गर्मी की वजह से तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें आननफानन में नजदीकी डॉक्टर के यहां ले जाया गया। शुक्रवार को धरने पर बैठी छात्राओं के समर्थन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला फूंका।
दरअसल, मुजैड़ी गांव का सरकारी स्कूल आठवीं कक्षा तक है। इसे अपग्रेड करने की मांग को लेकर कई दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है। पहले छात्राओं ने स्कूल पर प्रदर्शन कर ताला जड़ दिया था। बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया था। शुक्रवार से छात्राओं ने गांव में ही धरना शुरू कर दिया। धरने को समर्थन देने के लिए शुक्रवार को युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तरुण तेवतिया अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मुजैड़ी पहुंचे और छात्राओं की मांग को जायज बताया।
तेवतिया ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि अपने हक के लिए प्रदेश की बेटियों को धरना-अनशन करना पड़ रहा है। धरने पर बैठी छात्राओं का कहना है कि गांव का स्कूल आठवीं कक्षा तक है। इससे आगे की पढ़ाई करने के लिए गांव की लड़कियों को कई किलोमीटर दूर दूसरे गांवों के स्कूलों में या फिर बल्लभगढ़ जाना पड़ता है। मजबूरन पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ जाती है। धरने पर बैठी तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद से ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई भी अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदार सरकार होगी। हालांकि, छात्राओं को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस दौरान सुंदर मुजैड़ी, ब्लॉक समिति सदस्य राजकुमार गोगा, बंटी हुड्डा, सरफराज खान, नफीज खान, मुस्ताक, कुलदीप रावत, राजू देशवाल, सुरजीत सिंह और सुनील शर्मा मौजूद थे।
धरने की सूचना मिलते ही मौके पर पृथला विधायक टेकचंद शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से बात की और समस्या सुनी। बच्चियों की बात सुनकर उन्होंने धरना समाप्त करने की अपील की। साथ ही इस मुद्दे पर सीएम मनोहरलाल से बात करने का आश्वासन दिया। उनके साथ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतेंद्र वर्मा भी थी।
स्कूल में 92 बच्चे हैं। यदि जून माह में बच्चों की संख्या बढ़ा दी जाएगी तो निश्चित तौर पर स्कूल अपग्रेड हो सकता है। स्कूल अपग्रेडेशन में छूट देने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे।
- टेकचंद शर्मा, विधायक पृथला विधानसभा
हमने मुजैड़ी स्कूल की फाइल शिक्षा निदेशालय भेज दी है। इस संबंध में शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव पीके दास की एसडीएम से बात हुई है। स्कूल अपग्रेड करने का निर्णय अब सरकार को लेना है।
- सतेंद्र कौर वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी फरीदाबाद