200 लग्जरी कारों को लगाया ठिकाने: Delhi-NCR से चुराकर यूपी में बदलते थे इंजन नंबर, दक्षिण में ले जाकर बेचते थे
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी फरहद अली उर्फ शानू और जाकिर हुसैन की निशानदेही पर चोरी की नौ लग्जरी कारें, देशी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।
विस्तार
दक्षिण जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने वाहन चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी कारें चुराते थे। मुरादाबाद, यूपी में लग्जरी कारों के इंजन व चैसिस नंबर बदलते थे। इसके बाद केरल, आंध्रप्रदेश व बैंगलुरू में जाकर बेचते थे। पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कुछ महीनों में 200 से ज्यादा लग्जरी कारें चुरा चुके हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी फरहद अली उर्फ शानू और जाकिर हुसैन की निशानदेही पर चोरी की नौ लग्जरी कारें, देशी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।
दक्षिण जिले में वाहन चोरी की वारदातों को रोकने के लिए एएटीएस प्रभारी उमेश यादव की देखरेख में एसआई राहुल मालान, एएसआई देशराज व मकसूद की विशेष टीम बनाई गई। कई महीने की जांच के बाद एएसआई देशराज व मकसूद को सूचना मिली थी कि यूपी व बैंगलुरू का वाहन चोरी करने वाला गिरोह दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी व एसयूवी कारें चुरा रहा है।
इंस्पेक्टर उमेश यादव को 22 जनवरी को सूचना मिली थी कि दो वाहन चोर चोरी की कार में साकेत इलाके में घूम रहे हैं। उनके पास हथियार भी होंगे। इंस्पेक्टर उमेश यादव की टीम ने एशियन मार्केट के पास घेराबंदी कर दो वाहन चोर गांव असलमपुर, तहसील व जिला संभल, यूपी निवासी फरहद अली उर्फ शानू (22) और कर्नाटक निवासी जाकिर हुसैन (39) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से देशी पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए। जाकिर हुसैन के खिलाफ बैंगलुरू, कर्नाटक व अन्य जगहों पर 18 मामले दर्ज हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि एएटीएस की टीम ने मुरादाबाद, मेरठ, बैंगलुरू व कर्नाटक आदि जगहों पर दबिश देकर चोरी की नौ लग्जरी कारें बरामद की है। पूछताछ में पता लगा कि फरहद अली अपने साथी के साथ लग्जरी कारें चुराता था। इसके बाद एक अन्य साथी के साथ मुरादाबाद, यूपी में उनका इंजन व चैसिस नंबर बदलते थे। इसके बाद दक्षिण भारत में जाकिर हुसैन के जरिए चोरी की एसयूवी कारों को बेच देते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से दिल्ली से वाहन चोरी के 10 केसों को सुलझाने का दावा किया है।