पार्षद के भतीजे की अपहरण की कोशिश, एसपीओ को बदमाशों ने मारी गोली, मेदांता में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर हरियाणा में सक्रिय नीतू दाबोदिया गैंग उर्फ नमस्ते गैंग के बदमाशों ने पुराने शहर में दहशत फैला दी। देर रात जगुआर कार में आ रहे पार्षद सीमा पाहुजा के भतीजे राहुल पाहुजा के अपहरण की कोशिश की। जान बचाने के लिए राहुल अपनी जगुआर कार छोड़कर भाग गया। इनोवा और जगुआर सवार पांच बदमाशों ने उसका पीछा करते हुए अतुल कटारिया चौक पर पुलिस नाकाबंदी पर तैनात पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, इसमें स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर (एसपीओ) जयवीर सिंह के पेट में गोली लग गई। पुलिस ने ढाई घंटे तक चलाए तलाशी अभियान के बाद गैंग के मुख्य सरगना दादरी के झज्जर घाटी निवासी अंशुल उर्फ खली (27) को एमडीआई चौक स्थित ब्लीश गार्डन से दबोच लिया। पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकिल ने बताया कि गिरोह के फरार अन्य दो बदमाशों की पहचान हो गई है। घायल पुलिसकर्मी की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकिल के मुताबिक पार्षद सीमा पाहूजा और शराब व्यवसायी बंटी पाहुजा का भतीजा शनिवार देर रात 11.35 बजे सिग्नेचर टावर की ओर से अपनी जगुआर कार में अकेला आ रहा था। इनोवा कार सवार गिरोह के सदस्यों ने इसे अकेला देखकर अपहरण की योजना बनाते हुए सिग्नेचर टावर से पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने कार रोकने के लिए पीछे से जगुआर में टक्कर मारी। युवक जब कार से उतरकर नीचे आया तो इन्होंने हवाई फायरिंग कर उसे जगुआर में बैठाकर अपहरण की कोशिश की। एकबारगी कार में बैठने के बाद वह फुर्ती से बाहर आया और उनकी पकड़ से छूटकर अतुल कटारिया चौक की ओर पैदल भाग गया। बदमाश उसे पकडने के लिए गलत दिशा से इनोवा कार को तेज रफ्तार से लेकर निकले तो आगे पुलिस बैरिकेडिंग में गाड़ी फंस गई। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने सामने से आ रहे एसपीओ को निशाना बनाते हुए उसे गोली मार दी। इसके बाद दोनों कार लेकर बदमाश फरार हो गए।
देर रात वारदात की सूचना के बाद पुलिस आयुक्त समेत गुरुग्राम पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी। देर रात करीब दो बजे एमडीओ चौक के पास स्थित ब्लीश गार्डन में बदमाश के छिपे होने की आशंका के चलते जांच पड़ताल की। जहां बाथरूम में छिपे गैंग सरगना अंशुल को पिस्तौल समेत दबोच लिया। पुलिस ने युवक की जगुआर और इनोवा कार भी बरामद कर ली। इस ऑपरेशन में अपराध शाखा सेक्टर-17सी प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र के हाथ में चोट लग गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक बदमाश के पैर में दो गोली लगी इसके बावजूद घायलवस्था में वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक जब्त इनोवा कार 24 जुलाई को पानीपत में एक कारोबारी से छीनी गई थी। जिसे लेकर वह राजस्थान भाग गए थे। पुलिस आयुक्त के मुताबिक फरार बदमाशों का पूरा सुराग मिल गया है। जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने बताया कि गोली से घायल हुए एसपीओ फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनके इलाज का पूरा खर्च पुलिस विभाग वहन करेगा। इसके अलावा ऑपरेशन में भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।