Accident in Delhi: तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं समेत चार को रौंदा, बचने के लिए शीशे पर चिपका रखा पुलिस स्टिकर
दक्षिण जिले की ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार पर दिल्ली पुलिस का फर्जी स्टीकर भी लगा था। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-एक थाना इलाके में तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को रौंद दिया। सभी रोड क्रॉस कर रहे थे। दुर्घटना में घायल महिला की सोमवार शाम को मौत हो गई। जांच में पता चला कि आरोपी कार चालक विनय शराब के नशे में कार चला रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। दक्षिण जिले की ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार पर दिल्ली पुलिस का फर्जी स्टीकर भी लगा था। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
पुलिस को अर्चना कॉप्लेक्स के पास मूलचंद से चिराग दिल्ली जाने वाले रोड (पहले बीआरटी कॉरिडोर) पर सड़क दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। ग्रेटर कैलाश थानाध्यक्ष अजीत सिंह की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर एक ग्रे रंग की एनआईओएस ग्रैंड आई 10 हुंडई कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक एचएनओ 73, गोपाल नगर, नजफगढ़, दिल्ली निवासी विनय पुत्र रमेश कुमार को मौके पर मौजूद लोगों पकड़ रखा था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की मेडिकल जांच में पता लगा कि वह काफी नशे में है। उसकी शराब पीने की मात्रा 280 अल्कोहल मीटर थी। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि घायल बी 230, संजय कैंप दक्षिण पुरी, दिल्ली निवासी हरीश (54) पुत्र शालीग्राम, मकान नंबर 305, दक्षिणपुरी निवासी सीमा (46) पत्नी बादाम, संगम विहार रेखा (46) और नीरू(47) को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां शाम के समय नीरू की मौत हो गई।
रात में पी हुई शराब का नशा उतरा नहीं था
आरोपी ड्राइवर विनय अपने चाचा देवेंद्र सहरावत के साथ निजी फाइनेंसर के रूप में काम करता है। रविवार रात उन्होंने ई-227 सीआर पार्क में देवेंदर सहरावत का जन्मदिन मनाया था। सुबह आरोपी विनय अपने दोस्त राहुल के साथ अपने दूसरे दोस्त की कार की चाबी लेकर नागपाल के छोले भटूरे लाने मोती नगर जा रहा था। उसकी कार बहुत तेज रफ्तार पर थी। रफ्तार की वजह से वह कार पर कंट्रोल नहीं रख पाया और सड़क पर कर रहे चारों घायलों को रौंद दिया।
दोस्त के खिलाफ भी जालसाजी का मामला दर्ज
आरोपी विनय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार उनके दोस्त लव कुश पांडे पुत्र महावीर पांडे निवासी 88ए खिरकी गांव, नई दिल्ली की है। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसके दोस्त लव कुश ने अपनी कार पर दिल्ली पुलिस का फर्जी स्टीकर लगा रखा था। पुलिस को शुरुआती जांच में पता लगा कि आरोपी ने ट्रैफिक पुलिस से बचने के लिए दिल्ली पुलिस का फर्जी स्टीकर लगा रखा था। इस कारण मालिक लव कुश के खिलाफ भी जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है।
अर्चना कॉम्पलेक्स के पास नहीं है कोई रेडलाइट
चिराग दिल्ली से मूलचंद जाते हुए दोनों कैरिज्वे पर अर्चना कॉम्पलेक्स के पास रेड लाइट नहीं है। यहां पर पहले लाइट सिग्नल था। ट्रैफिक पुलिस ने इस लाइट को खत्म करवाकर दोनों तरफ यू-टर्न बना दिए हैं। पैदल यात्रियों के लिए सड़क पार करने की कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में यहां पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।