हर घंटे गाड़ी, मोबाइल और ठिकाना बदल रहे हैं सोमनाथ भारती
दिल्ली पुलिस ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती पेशेवर अपराधी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। सोमनाथ बार-बार मोबाइल व अपनी लोकेशन बदल रहे हैं।
वह एक जगह पर कुछ ही घंटे रहते हैं। उनकी आखिरी लोकेशन आगरा के पास मिली है। दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने बताया कि सोमनाथ भारती अब तक दस मोबाइल फोन बदल चुके हैं।
छिपने की जगह बदलने के लिए वह आधा दर्जन गाड़ियां बदल चुके हैं। पुलिस जांच में ये बात सामने आई है कि सोमनाथ भारती आठ घंटे से ज्यादा एक जगह पर नहीं रहते।
आखिरी लोकेशन आगरा के पास
भारती को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें पश्चिमी उत्तरप्रदेश में दबिश दे रही हैं। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद सोमनाथ भारती की लोकेशन पश्चिमी उत्तरप्रदेश में आ रही है।
आखिरी लोकेशन आगरा के पास मिली है। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस सोमनाथ भारती के छिपने में सहायता करने वालों पर भी नजर बनाए हुए है।
पुलिस सोमनाथ के पीए और करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अभी तक भारती को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।