मुंबई लोकल ट्रेन के बाद अब दिल्ली मेट्रो स्टेशन में मिला सांप, डीएमआरसी ने जारी की हेल्पलाइन
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा मेट्रो स्टेशन पर सांप मिलते ही खलबली मच गई। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुविधा को लेकर एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
घटना एक दिन पहले की है। बृहस्पतिवार को शाहदरा मेट्रो स्टेशन के कंट्रोल रूम में सांप मिला, जिसे देख वहां मौजूद स्टाफ घबरा गया। आनन-फानन में इसकी जानकारी सुरक्षा कर्मियों को दी गई।
इसके बाद एक वन्यजीव गैर सामाजिक संस्था के कर्मचारियों को सांप पकड़ने के लिए बुलाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि आमतौर पर इसे बोलचाल में दोमुंही भी कहा जाता है। फिलहाल उसकी जांच की जा रही है। जल्द ही जांच के बाद उसे वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
हेल्पलाइन 155655 सेवा शुरू की गई
वहीं, दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों के लिए हेल्पलाइन 155655 सेवा शुरू की गई है। अगर किसी को कोई दिक्कत है तो वह इसकी मदद ले सकता है। मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की सहायता के लिए सीआईएसएफ ने ये हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। हालांकि बताया जा रहा है कि पुराना हेल्पलाइन नंबर 22185555 भी चलता रहेगा।
सीआईएसएफ प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि नया कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जहां से सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा सीआईएसएफ का नया ऑपरेशनल कंट्रोल सेंटर-1 भी शुरू हुआ है।
तकनीकी सुविधाओं से लैस इस कंट्रोल सेंटर को शास्त्री पार्क में बनाया गया है। यहां एक कवच नामक ट्रेनिंग ब्लॉक भी बना है, जिसके जरिये इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा।