नौवीं के छात्र की बच्चों ने की पीट-पीट कर हत्या
छावला थाना इलाके में नौवीं कक्षा के मॉनिटर से मामूली बात पर विवाद होने पर एक छात्र ने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी छात्र ने मॉनिटर को घर से बुलाकर श्मशान घाट ले गया।
जहां उसकी लाठी डंडे से पिटाई कर फरार हो गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्र मृत अवस्था में मिला। छावला पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपी छात्र को पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार शुभम (14) सपरिवार रोशन विहार के डी ब्लॉक में रहता था। उसके पिता अनिल मित्तल छोटा-मोटा काम करते हैं। शुभम नजफगढ़ स्थित कृष्णा मॉडल स्कूल की नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
शुभम को घर से बुलाकर ले गया वो
वह कक्षा का मॉनिटर भी था। अनिल मित्तल ने बताया कि रविवार शाम एक छात्र उसके घर आया था। वह शुभम को अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था।
पूछे जाने पर छात्र ने कहा कि उन लोगों को गणित के एक टीचर से ट्यूशन पढ़ना है, इसलिए सभी उनके कोचिंग सेंटर पर जा रहे हैं। शुभम इस बच्चे के साथ साइकिल पर चला गया।
काफी देर तक शुभम के नहीं आने पर घर वालों को चिंता हुई। आसपास के बच्चों से घर आने वाले छात्र के बारे में जानकारी हासिल की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
बच्चे ने बताया मारकर शमशान छोड़ दिया था उसे
उसके बाद अनिल ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस स्कूल से बच्चों का पता लेकर उनके घर पर पहुंची लेकिन वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने बच्चे के परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की और उस बच्चे की मां के जरिये उससे संपर्क किया।
बच्चे ने हरियाणा के गोहाना में होने की बात कही। उनसे शुभम के बारे में पूछा गया। बच्चे ने बताया कि श्मशान घाट पर शुभम की पिटाई कर उसे वहां छोड़कर फरार हो गए।
इस सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंची। जहां पुलिस को शुभम जख्मी हालत में मिला।
उसके नाक मुंह और सिर से खून निकल रहा था
उसके नाक मुंह और सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शुभम को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की टीम ने गोहाना जाकर आरोपी छात्र व उसके एक दोस्त को पकड़ लिया। पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि शुभम के साथ उनकी कक्षा में कहासुनी हुई थी।
जिसका बदला लेने के लिए उनलोगों ने उसकी पिटाई की। पुलिस ने पकड़े गए छात्रों को बाल न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।