युवती ने मेट्रो के सामने लगाई छलांग, शरीर के हुए दो हिस्से
यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर रविवार शाम एक युवती ने मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। उसके शरीर के दो हिस्से हो गए। उसके पास से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है।
जांच में यह बात सामने आई है कि शादी तय नहीं होने की वजह से युवती परेशान थी। फिलहाल पुलिस युवती के परिजनों से पूछताछ कर रही है।
घटना की वजह से वैशाली की ओर जाने वाली मेट्रो ट्रेन की सेवा कुछ देर तक बाधित रही। रविवार शाम करीब 6:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर एक युवती ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।
ट्रेन गुजरने की वजह शरीर के दो हिस्से हुए
सूचना मिलते ही यमुना बैंक मेट्रो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में ले लिया। युवती के ऊपर से ट्रेन गुजरने की वजह से उसके दो हिस्से हो गए।
युवती के पास से एक पर्स मिला जिसमें एक मोबाइल फोन, 40 रुपये और मेट्रो कार्ड था। बाद में युवती की पहचान नयापुर करौली, इलाहाबाद निवासी अंजली (25) पुत्री हरि सिंह के रूप में हुई।
युवती का परिवार गाजियाबाद में रहता है। पुलिस ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि अंजली की शादी की बात करने के लिए वह आईटीओ गए थे।
अंजली बाद में आने की बात कहकर रुक गई
परिवार के सभी सदस्य बातचीत करने के बाद मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से वैशाली के लिए ट्रेन पर सवार हो गए। जबकि अंजली बाद में आने की बात कहकर रुक गई।
बाद में अंजली यमुना बैंक पहुंची और प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर आकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हालांकि चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया लेकिन ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि परिवार वालों ने बताया है कि जिस जगह पर शादी की बातचीत करने गए थे, किसी कारणवश वहां शादी तय नहीं हो पाई।
पुलिस को आशंका है कि शादी तय नहीं होने की वजह से तनाव में आकर अंजली ने घटना को अंजाम दिया है। अंजली एक निजी कंपनी में काम करती थी। फिलहाल पुलिस परिवार वालों से पूछताछ में जुटी हुई है।