7 साल की बच्ची ने बताई 49 साल के बुजुर्ग की ऐसी हरकत कि महिला आयोग तक के खड़े हो गए कान
मां और शिक्षक की सीख से बच्ची बची
डीसीडब्ल्यू के दखल के बाद छेड़छाड़ करने वाले पर केस दर्ज
अच्छे और बुरे स्पर्श की दी थी जानकारी, घर आकर बताई बात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विस्तार
क्योंकि सात साल की छोटी बच्ची खतरा समझते ही टॉयलेट के बहाने से उठी और सीधे अपने मां-पापा को सारी बात बताई। पिता ने भी वक्त गंवाए महिला हेल्पलाइन पर फोन कर मदद मांगी और अब दिल्ली महिला आयोग के दखल से आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो गया है।
आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया कि महिला हेल्पलाइन 181 पर पीड़ित बच्ची के पिता ने फोन कर मदद मांगी थी। पीड़ित परिवार ने आयोग को बताया कि आरोपी (49 ) उनका पड़ोसी है।
बच्चों को ऐसी समझदारी के प्रति करें जागरूक : स्वाति
दरअसल पीड़ित बच्ची घर के पास अपने दो दोस्तों के साथ खेल रही थी। आरोपी ने अपने घर में बिल्ली पाली हुई है। ये तीनों बच्चे आरोपी के घर बिल्ली देखने चले गए। दो बच्चे घर के बाहर ही रह गए और बच्ची को आरोपी ने अपने घर के अंदर यह कहकर बुला लिया कि बिल्ली अंदर सोई हुई है।
आरोपी ने बच्ची से इधर उधर की बातें करने के बाद बच्ची से कहा कि वह अपने मां-बाप से क्या-क्या बातें शेयर करती है। बच्ची ने कहा-सारी बातें। आरोपी ने कहा कि वह उसे हर दिन पांच रुपये देगा लेकिन उसके बारे में उसे घर पर कुछ नहीं बताना है।
बच्ची ने कहा कि ठीक है वह कुछ नहीं बताएगी। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को कुर्सी पर बैठाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। बच्ची को अपनी शिक्षक और मां की बात याद आई तो उसने कहा कि टायलेट जाना है। आरोपी ने कहा कि उसके घर में ही टॉयलेट में चली जाए। लेकिन बच्ची ने घर जाने की जिद की, इसके बाद वह तुरंत भाग आयी।
स्वाति का कहना है कि एक छोटी बच्ची की समझदारी की वजह से उसके साथ बड़ा हादसा होने से टल गया। उन्होंने बच्चों के माता-पिता और स्कूलों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इसी तरह से शिक्षित करें कि उनके साथ कोई भी परिचित या अपरिचित अच्छा-बुरा कैसा भी व्यवहार करता है या कुछ बोलता है तो वे अपने पेरेंट्स या टीचर्स से जरुर शेयर करें।