सीलिंग : 72 घंटे व्यापार रहेगा बंद, व्यापारी अभियान रुकवाने के लिए जान देने को भी तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीलिंग के विरोध में व्यापारी एक बार फिर से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर चुके हैं।
बुधवार को चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के नेतृत्व में दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर 2, 3 और 4 फरवरी को यानी 72 घंटे के लिए व्यापार बंद करने का ऐलान किया है।
इस बार व्यापारी सीलिंग रुकवाने के लिए आंदोलन में अपनी जान तक झोंकने को तैयार हैं। सीलिंग के विरोध में बुधवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में दिल्ली के करीब 750 व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर महापंचायत में 72 घंटे के दिल्ली व्यापार बंद का फैसला लिया।
तीनों दिन निकलेगा मार्च
चैंबर ऑफ ट्रेड इंडस्ट्री के संयोजक बृजेश गोयल ने महापंचायत की अगुवाई की। बृजेश ने कहा कि तीनों दिन सभी व्यापारी अपने-अपने क्षेत्रों की मार्केट एसोसिएशन के साथ मिलकर मार्च निकालेंगे और सीलिंग के विरोध में धरना देंगे।
सीटीआई के उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि इस बार 72 घंटे के बंद के बाद भी सीलिंग नहीं रोकी गई तो व्यापारी इस आंदोलन को और बड़े स्तर पर ले जाएंगेे। इस महापंचायत के बीच व्यापारी सब्जियों की टोकरियां भी लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं छतरपुर मार्बल मार्केट एसोसिएशन के सदस्य सलीम खान ने कहा कि पहले नोटबंदी करके व्यापारियों की कमर तोड़ी और फिर उसके बाद जीएसटी लागू करके कारोबारियों के कामकाज को पूरी तरह ठप कर दिया गया। सीलिंग नहीं रुकी तो व्यापारी अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे।