स्कूटी से धूल उड़ने पर कर दी हत्या: दिल्ली में खौफनाक वारदात, पुलिस ने दो नाबालिगों समेत चार को पकड़ा
पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान जखीरा निवासी शहनवाज के रूप में हुई थी। वहीं घायल नफीस का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विस्तार
दिल्ली के मोती नगर इलाके में बुधवार देर रात स्कूटी सवार एक युवक की चाकू मारकर हत्या और दूसरे युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि स्कूटी से धूल उड़ने और पहिए से एक पत्थर छिटककर लगने से गुस्से में आकर नाबालिगों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान जखीरा निवासी शहनवाज के रूप में हुई थी। वहीं घायल नफीस का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास दो युवकों को चाकू मारे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने घायलों को आचार्य भिक्षु अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने शाहनवाज (22) को मृत घोषित कर दिया। वहीं नफीस (23) का इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी वरुण दलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज में चार आरोपी दिखे। सिपाही लालचंद ने आस पास के इलाके में रहने वाले चारों आरोपियों की पहचान कर ली। उसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर 18 साल के आजाद और 19 साल के आफताब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वारदात को नाबालिगों ने अंजाम दिया है।
पुलिस ने इनके निशानदेही पर वारदात में शामिल 16 साल के दो नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि घटना वाली रात शाहनवाज और नफीस अपनी स्कूटी से घूम रहे थे। वहीं सभी आरोपी रेलवे लाइन के पास बैठे थे। इसी दौरान बगल से स्कूटी गुजरने से धूल उड़ा और पहिया से छिटककर एक पत्थर एक नाबालिग को लगा। इसी बात को लेकर दोनों नाबालिग स्कूटी सवारों से झगड़ा करने लगे। इसी दौरान नाबालिगों ने चाकू निकालकर स्कूटी सवार युवकों पर हमला कर दिया। दोनों को घायल करने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।