Delhi: मेडिकल छात्राओं से यौन उत्पीड़न मामले में सौरभ भारद्वाज ने लिखी LG को चिट्ठी, कार्रवाई करने की मांग की
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को मेडिकल छात्रों के साथ हुए यौन उत्पीड़न मामले में कार्रवाई करने की मांग को लेकर चिट्टी लिखी है। बीते सोमवार को कई संगठनों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
13 एमबीबीएस छात्रों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को चिट्ठी लिखी है और इस मामले में एक्शन लेने की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ इस मामले को लेकर सतर्कता निदेशालय ने स्वास्थ्य सचिव को चिट्ठी लिखी थी और बीते सोमवार को कई संगठनों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
यौन उत्पीड़न मामले में सतर्कता निदेशालय ने स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखा था। सतर्कता निदेशालय ने अपने पत्र में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था।
रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की छात्राओं के साथ हुए यौन शोषण के खिलाफ बीते सोमवार को कई संगठनों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर सलीम शेख ने वारदात को अंजाम दिया है।
वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी कार्रवाई करते हुए उसे 10 दिनों की छुट्टी पर भेज दिया। साथ ही परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया है।
जानें क्या है मामला
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर के मुताबिक सहायक प्रोफेसर सलीम शेख ने 31 जनवरी को फार्माकोलॉजी विभाग में दोपहर करीब सवा एक बजे वाइवा के दौरान एमबीबीएस की छात्राओं के साथ शारीरिक शोषण किया था। आरोप है कि कॉलेज में शिकायत देने के दो सप्ताह बाद भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई। घटना के विरोध में पीड़ित मेडिकल छात्रों ने 22 फरवरी को रोहिणी नॉर्थ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी।