रोडरेज: बाइक टच होने पर मारी गोली, पिता की मौत, पुत्र घायल
नंदनगरी इलाके में बाइक टच होने पर पड़ोसी ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। पिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल पुत्र को जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शव की पहचान रामचंद्र उर्फ टोनी (50) के रुप में हुई है। टोनी पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।
सोमवार रात को रामचंद्र अपने घर के सामने वाली गली में बैठा था। इस दौरान दो बाइक सवार युवक वहां से गुजर रहे थे। इनमें से एक की बाइक टच होने पर रामचंद्र ने गालियां देनी शुरू कर दी।
इस पर युवक ने पिस्टल निकाल कर रामचंद्र को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े तो आरोपी भागने लगा। रामचंद्र के बेटे 17 वर्षीय रवि ने आरोपियों का पीछा किया तो बाइक सवारों ने उसे भी गोली मार दी।
दोनों परिवार एक दूसरे के दुश्मन बन बैठे थे क्योंकि...
रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रवि को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि रामचंद्र नंदनगरी इलाके का घोषित बदमाश था। उसपर 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। रामचंद्र सजायाफ्ता था। आरोपी करतार की उसके परिवार से रंजिश थी।
रामचंद्र के बड़े बेटे जीतू ने करतार की बहन के साथ प्रेम विवाह किया था, जिसे लेकर ही दोनों परिवार एक दूसरे के दुश्मन बन बैठे थे। हालांकि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। अब तक जांच में बाइक टच होने के विवाद में ही वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।