मुश्किल में भारती, घरेलू हिंसा जांच करेगी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की उलझन बढ़ने वाली है। क्योंकि दिल्ली महिला आयोग घरेलू हिंसा शिकायत का मामला दिल्ली पुलिस को सौंपने जा रहा है। मंगलवार को आयोग दिल्ली पुलिस कमिश्नर को मामले से जुड़े दस्तावेज सौंप देगा।
आयोग का कहना है कि भारती ने शनिवार को भेजे पत्र में खुद कहा था कि पुलिस मामले की जांच करे। वहीं, भारती के आरोपों पर आयोग का कहना है कि हमने राजनीति के तहत नहीं, बल्कि लिपिका की शिकायत व सबूतों के आधार पर नोटिस भेजे थे। दोनों समन भेजने के बाद भी भारती आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए।
दिल्ली महिला आयोग ने भारती की पत्नी लिपिका मित्रा की लिखित शिकायत के आधार पर घरेलू हिंसा के तहत दस जून को नोटिस भेजते हुए 26 जून को आयोग के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।
उसके बाद छह जुलाई को दोबारा पेश होने का नोटिस दिया था। हालांकि वे सोमवार को पेश नहीं हुए। इसी के चलते अब आयोग मामले को पुलिस को सौंपने जा रहा है।
मंगलवार को पुलिस को सौंपेंगे केस
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा शुक्ला का कहना है कि पूर्व कानून मंत्री व विधायक की पत्नी लिपिका ने घरेलू हिंसा की शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि वे उनसे सालों से मारपीट भी कर रहे हैं।
यहीं नहीं, भारती अब दोनों बच्चों से भी दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसी के चलते पीड़िता ने आयोग के पास आकर शिकायत दी थी। दो समन भेजने के बाद भी भारती आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए।
इसलिए पूरा मामला पुलिस को सौंपा जाएगा। ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।