रिजनल सेंटर के लिए सामूहिक मुंडन कर अनोखे अंदाज में दिया धरना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर खोलने की मांग को लेकर एनएसयूआई की जिला इकाई ने सोमवार को नेहरू कॉलेज के गेट पर ताला जड़ दिया। सामूहिक मुंडन कराकर कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान कॉलेज में पढ़ाई ठप रही। कॉलेज के बाहर जोरदार प्रदर्शन होने से अंदर मौजूद शिक्षक और अध्यापक सकते में आ गए। रीजनल सेंटर खोलने की मांग को लेकर तीन दिन से एनएसयूआई कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर धरने पर बैठे हैं।
लेकिन इस दौरान प्रशासन ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत भारी संख्या में कार्यकर्ता नेहरू कॉलेज के बाहर एकत्रित हो गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कॉलेज का गेट बंद कर ताला लगा दिया। इससे छात्र और अध्यापक न अंदर से बाहर आ सके और न बाहर से अंदर जा सके। इस दौरान कॉलेज में पढ़ाई बाधित रही।
दो घंटे तक किया प्रदर्शन
कॉलेज के डीपीई बलवीर दहिया ने गेट पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से ताला खोलने की अपील की, लेकिन गुस्साए छात्रों ने उनकी एक न सुनी। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर बैठकर सामूहिक रूप से अपना मुंडन कराकर विरोध दर्ज कराया। एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप धनखड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार गूंगी और बहरी हो चुकी है। सरकार तक आवाज पहुंचाने के लिए कॉलेज के गेट पर ताला जड़ने का निर्णय लिया गया है।
रीजनल सेंटर न होने की वजह से छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिलाध्यक्ष कृष्णा अत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों से कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं लेकिन सरकार का कोई नुमाइंदा बात सुनने भी नहीं आया।
इस मौके पर एनएसयूआई के अनिल चेची, ललित, मोहित और नरवीर चौधरी ने मुंडन कराकर रोष जताया। कॉलेज पर ताला जड़े जाने की सूचना पर तहसीलदार प्रदीप देशवाल दोपहर बाद धरना स्थल पर पहुंचे।