हापुड़ और बागपत तक दौड़ेगी रैपिड रेल, मेट्रो का भी होगा विस्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदलते परिवेश में 2041 तक एनसीआर के शहरों की सूरत बदली-बदली नजर आएगी। रैपिड रेल प्रोजेक्ट का हापुड़, बागपत तक और मेट्रो का कई अन्य शहरों में विस्तार होगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के संसाधन विकसित होंगे तो जाम से भी निजात मिल जाएगी। लोगों को आशियाना दिलाने के लिए नई टाउनशिप खड़ी की जाएंगी। इसका खाका खींचने पर मंथन के लिए बुधवार को यूपी के आठ जिलों के डीएम, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, पुलिस और अन्य विभागों के अफसर गाजियाबाद में जुटे। यूपी की एनसीआर सेल के आयुक्त प्रभात कुमार सारंगी ने अफसरों की बैठक लेकर उनसे 17 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर डाटा मांगा। इन डाटा के आधार पर 2041 का रीजनल प्लान तैयार किया जाएगा।
एनसीआर के रीजनल प्लान 2041 को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एनसीआर प्लानिंग बोर्ड यह प्लान तैयार करेगा। इसके लिए एनसीआर की सीमा में आने वाले यूपी के आठ जिलों गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर से 17 बिंदुओं पर सूचनाएं मांगी गईं थीं।
इनमें डेमोग्राफिक प्रोफाइल, इकोनोमिक एक्टिविटी, ट्रांसपोर्ट, बिजली, पानी, सीवरेज, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, आबादी, टेली कम्युनिकेशन, शेल्टर, सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर, हेरिटेज व टूरिज्म, इंवायरमेंट, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास, रीजनल लैंडयूज और मैनेजमेंट स्ट्रक्चर एंड रिसोर्स मोबिलाइजेशन शामिल हैं। जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, नगर पालिकाओं और पुलिस के अधिकारियों ने डाटा एनसीआर सेल को भेजा था लेकिन यह डाटा अधूरा है।
इसको लेकर बुधवार को सभी आठ जिलों के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। नगर निगम मुख्यालय स्थित एनसीआर सेल के कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सेल के आयुक्त प्रभात कुमार सारंगी ने सभी अधिकारियों को एक सप्ताह में संबंधित बिंदुओं पर मांगी गई पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यह डिटेल मिलने के बाद इन्हें रीजनल प्लान में शामिल करने के लिए एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के मुख्यालय को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा, मेरठ के डीएम अनिल ढींगरा, नगरायुक्त दिनेश चंद्र सिंह, मेरठ प्राधिकरण के वीसी राजेश कुमार पांडेय, हापुड़ के वीसी वीके सिंह, बुलंदशहर प्राधिकरण के वीसी शफकत कमाल, हापुड़ के एडीएम जयनाथ यादव, गौतमबुद्धनगर के एडीएम बीएन उपाध्याय, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण से ऋतुराज व्यास, अरविंद कुमार, संजय कुमार, जेके पाल, सुखवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी जेके आनंद, नमिता चौधरी, आरके यादव, केके भड़ाना, गौतमबुद्ध नगर के एडिशनल डीसीपी अनिल कुमार झा मौजूद रहे।
मेट्रो और रैपिड समेत कई नए इंफ्रास्ट्रक्चर होंगे प्लान में शामिल
रीजनल प्लान 2021 को जब तैयार किया गया, तब मेट्रो, रैपिड रेल प्रोजेक्ट, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे, ईस्टर्न एंड वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे समेत कई परियोजनाएं इसमें शामिल नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि रीजनल प्लान 2041 में इन परियोजनाओं को शामिल किया जाएगा। 2041 तक इन परियोजनाओं के विस्तार को भी शामिल किया जाएगा।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, उपाध्यक्ष, कंचन वर्मा ने कहा कि एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की ओर से विकास योजनाओं का विस्तृत प्लान मांगा गया था। इसके लिए पूरा प्रारूप बनाकर बोर्ड को दे दिया गया है। वर्तमान में जीडीए के तैयार हो रहे मास्टर प्लान 2031 के विभिन्न बिन्दुओं को प्रारूप में शामिल किया गया है। बोर्ड की ओर से भविष्य में और भी जानकारी मांगी जाती है तो उपलब्ध कराई जाएगी।