पुरानी सीता ने कर ली शादी, नई की तलाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हर साल देश के कई छोटे बड़े शहरों में होने वाली रामलीला में कई रोचक कहानियां बन जाती हैं। कभी पिछले साल रावण का किरदार निभाने वाले को राम बना दिया जाता है, तो कभी राम बनने वाले को सीता।
ऐसा ही कुछ गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके स्थित बृज विहार में श्री सांस्कृतिक कला संगम रामलीला समिति की रामलीला में इस साल होने वाला है। यहां पिछले साल तक सीता का किरदार निभाने वाले लड़का इस बार शादी करने जा रहा है।
इसलिए वह इस साल सीता का किरदार नहीं निभा पाएगा। अब समिति नई सीता की तलाश के लिए काफी मेहनत कर रही है। समिति ने कई कलाकारों से मुलाकात भी की है। इसमें दिल्ली स्थित विवेक विहार निवासी सुनील के नाम पर सहमति भी बन गई है। लेकिन अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है।
पुरानी सीता का किरदार भुवन नाम का लड़का निभाता था। इस बार दशहरे के मौके पर ही वह शादी करने जा रहा है।
नई सीता की रुचि राम बनने में थी
गाजियाबाद की रामलीला समिति ने सीता के रोल के लिए दिल्ली के जिस लड़के को चुना है वह हमेशा से राम का किरदार निभाने के सपने देख रहा था। यहां तक कि कुछ एक स्थानीय रामलीलाओं में उसने राम का किरदार निभाया भी था।
लेकिन अब उसे सीता के किरदार के लिए बुलाया जा रहा है। हालांकि सीता के किरदार से भी दिल्ली के सुनील खुश हैं। यही नहीं, वह सीता का संवाद याद करने में जी जान से जुट भी गए हैं। वह दसवीं के छात्र हैं और बैडमिंटन के बेहतरीन खिलाड़ी भी।
सीता की भूमिका निभाने के बारे में सुनील का कहना है कि उन्हें बचपन से ही रामायण देखना पसंद है। इसलिए वह किसी भी रूप में रामलीला से जुड़ना चाहते हैं, इसलिए वह इस मौके को नहीं निकलने देना चाहते हैं।
समिति के निदेशक मनोज खंडूरी ने बताया कि सुनील सीता के किरदार के लिए फिट हैं। हालांकि सुनील के नाम पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है।
महिलाओं की सुरक्षा को तैनात होगी वूमन फोर्स
रामलीला मंचन के दौरान महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों को रोकने के लिए इस बार वूमन फोर्स तैयार हो गई है। महिला दर्शक दीर्घा में लगे अतिरिक्त सीसी कैमरों की मदद से न सिर्फ मनचलों को तुरंत पकड़ा जाएगा। बल्कि विशेष ड्यूटी पर तैनात वूमन फोर्स वायरलेस पर पुलिस को सूचित कर मनचलों को पुलिस के हवाले करेगी। रामलीला कमेटियां इसके लिए निजी सुरक्षा एजेंसी की मदद ले रही हैं।
टीएचए में होने वाली ज्यादातर रामलीला आठ बजे से शुरू होकर रात 12 बजे तक चलती हैं। देर रात तक रामलीला में आने वाली महिलाओं के साथ अक्सर छेड़छाड़ और फब्तियां कसने जैसी वारदातें सामने आती हैं। इसे देखते हुए सभी रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने तैयारी कर ली है।
सभी रामलीलाओं में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरा पंडाल सीसीटीवी कैमरों की जद में होगा। एक निजी सुरक्षा एजेंसी हायर की गई है, जिस पर महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। सुरक्षा गार्ड और वालेंटियर्स चप्पे-चप्पे में तैनात रहेंगे।
वाट्सएप पर भी दिखेगी रामलीला
दिल्ली के लालकिला में होने वाली रामलीला को इस साल वाट्सएप पर भी देखी जा सकेगी। लव-कुश रामलीला कमेटी के लोगों ने इसकी खास व्यवस्था की है। कमेटी के संचालक ने बताया कि इस बार रामलीला के लिए कुल 95 लोगों की टीम लगाई है, जो रामलीला को बड़े पैमाने पर दर्शकों तक पहुंचाने का काम करेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार उनकी रामलीला का एक स्थानीय टीवी चैनल लाइव प्रसारण भी करेगा। साथ ही सोशल नेटवर्किंग यूट्यूब, फेसबुक पर भी इसके वीडियो डाले जाएंगे।
इसी के साथ वाट्सएप पर भी इस रामलीला का प्रसारण किया जाएगा। यही नहीं, इस रामलीला के लिए एक खास वेबसाइट भी बनाई जा रही है, जिसपे इसका लाइव प्रसारण होगा।