Delhi: हादसा न हो बेकाबू, रेलवे करा रहा आभासी टक्कर, इमरजेंसी में सुरक्षा तैयारियों का रेलवे ने किया आकलन
हादसों को रोकने और दुर्घटना होने पर उसकी तीव्रता कम करने के लिए रेल प्रशासन चौकन्ना है। इसी कड़ी में एहतियातन तुगलकाबाद रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की अचानक टक्कर करवाकर रिस्पांस सिस्टम का आकलन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बढ़ते ट्रेन हादसों के मद्देनजर रेल प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है। किसी भी तरह की साजिश को रोकने के लिए राज्य सरकार के साथ एनआईए से रेल प्रशासन संपर्क में है। वहीं, आपातकालीन स्थितियों का आकलन भी किया जा रहा है। योजना विषम परिस्थितियों में हादसे की भयावहता को सीमित करने की है। इसके लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 16वीं बटालियन की मदद ली गई है। हादसा होने पर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का बारीकी से मुआयना भी किया गया है। इसके लिए रेलवे यार्ड समेत दूसरे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में मॉक ड्रिल का भी सहारा लिया है।
हादसों को रोकने और दुर्घटना होने पर उसकी तीव्रता कम करने के लिए रेल प्रशासन चौकन्ना है। इसी कड़ी में एहतियातन तुगलकाबाद रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की अचानक टक्कर करवाकर रिस्पांस सिस्टम का आकलन किया। इसमें सबसे पहले यार्ड में प्रवेश करते समय ट्रेन पटरी से उतारी। फिर, कई कोच ट्रैक पर पलट गए। इसी दौरान पलवल की तरफ तेज रफ्तार से जा रही मालगाड़ी से भी टक्कर हो गई। भीषण टक्कर में ट्रेन का एक कोच दूसरे कोच के ऊपर चढ़ गया और कई यात्रियों के घायल होने की सूचना भी आला अधिकारियों को दी गई।
आनन-फानन में रेलवे कंट्रोल कार्यालय ने तत्काल स्व-चालित दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन, दुर्घटना राहत ट्रेन, रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे अस्पताल और राजकीय रेलवे पुलिस, एनडीआरएफ और सिविल प्राधिकारियों के संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना स्थल पर पहुंचने का निर्देश दे दिया। प्रत्येक विभाग की संबंधित टीम, रेलवे सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग और रेलवे व स्थानीय अस्पतालों के डॉक्टर घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके लिए एक मिनी कंट्रोल रूम भी बनाया गया। आखिर में रेलवे प्रशासन को सारा सिस्टम दुरुस्त मिला।
मॉक ड्रिल में बचाव का प्रशिक्षण
तुगलकाबाद यार्ड महज एक उदाहरण है, एनडीआरएफ की बचाव टीमें, रेलवे सिविल डिफेंस और आरपीएफ के साथ में बचाव का प्रशिक्षण ले रही हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में हादसे का परिदृश्य पैदा कर उससे बचाव की तरकीब ढूंढ रहे हैं। पलटे हुए कोचों में प्रवेश कर सबसे पहले यात्रियों की संख्या, कोच में उनके स्थान और उनके बाहर निकलने के विकल्पों का विश्लेषण मॉक ड्रिल में किया जा रहा है। जहां भी संभव हुआ, यात्रियों को कोच के अंदर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। मौके पर पहुंची एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) टीमों ने यात्रियों को बाहर निकाला।
कोल्ड कटर का इस्तेमाल
दुर्घटना की स्थिति में कोल्ड कटिंग पद्धति अपनाई जा रही है। पिछली दुर्घटनाओं में देखा गया कि पलटे हुए कोच के ऊपर कई कोच चढ़ गए थे और यात्री उसी में दबे हुए थे। ऐसे में उन्हें कटर के माध्यम से निकाला गया लेकिन कोच में दबे हुए यात्रियों को नुकसान नहीं पहुंचे इसलिए कोल्ड कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। अन्य कटर से लोहे को काटने पर लोहा गर्म हो जाता है, तो दबे हुए व्यक्ति की मौत भी हो सकती है।
रेलवे अस्पताल भी अलर्ट मोड पर
किसी भी दुर्घटना की स्थिति में रेलवे के अस्पतालों को भी अलर्ट किया गया है। इसमें आभासी हादसे में मेडिकल टीमें सबसे पहले घायल यात्रियों की सूची तैयार करेगी। उनकी चोटों की स्थिति और उन अस्पतालों का विवरण रखेगी, जहां उन्हें आगे के उपचार के लिए भेजा जाएगा। हर घायल यात्री की जेब में उनकी पहचान के लिए नाम और रोगी के विवरण की एक पर्ची भी रखी जाएगी। इससे प्राथमिक उपचार देते समय या अस्पताल भेजते समय उनकी पहचान संभव हो सकेगी।
तुगलकाबाद यार्ड में मॉक ड्रिल से पता चला है कि रेलवे एनडीआरएफ और सिविल अधिकारियों की मदद से ऐसी दुर्घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की मदद में किसी से पीछे नहीं है। आगे भी सुरक्षा इंतजामों को परखने के लिए रेलवे इस तरह की मॉक ड्रिल करेगा। -अभिमन्यु सेठ, अपर मंडल रेल प्रबंधक, दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे