दिल्ली में चली '24 राउंड गोलियां': प्रॉपर्टी डीलर की कार पर अंधाधुंध फायरिंग, भाऊ गैंग पर पुलिस ने जताया शक
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार की विंडशील्ड पर गोली के निशान पाए गए।
विस्तार
रोहिणी जिला के बेगमपुर इलाके में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की कार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रॉपर्टी डीलर को कुछ दिन से अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी।
हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्यों पर गोलीबारी करने का शक है। रोहिणी जिला पुलिस सहित दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि शुक्रवार करीब 5.23 बजे बेगमपुर थाना पुलिस को एक कार पर गोलीबारी की शिकायत मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर-24, रोहिणी स्थित मौके पर पहुंची। जहां एक नीली टोयोटा इनोवा मिली जिसके आगे की विंडशील्ड पर गोली के निशान थे। जांच में पता चला कि कार एक प्रॉपर्टी डीलर की है। उसने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार पर करीब दो दर्जन से अधिक गोलीबारी की। लेकिन गोलीबारी में कार में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। पुलिस को सड़क पर काफी खोखा बिखरे हुए मिले।
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच उसे एक अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार कई व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे। जिसमें खुद को हिमांशु भाऊ बताने वाला गैंगस्टर उससे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। उसने पैसे नहीं देने पर जान से मरवाने की धमकी दी थी।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि गैंगस्टर का मामला होने की वजह से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच भी मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।