Poonam Murder Case: पानी की टंकी में मिला शव पूनम का, पति ने ही की हत्या... पड़ोसियों ने सुनाई उस रात की कहानी
पुलिस फरार पति की आसपास के जिलों में तलाश कर रही है। पुलिस से बचने को उसने मोबाइल बंद कर लिया है। सोमवार की रात जीबीयू परिसर में स्टाफ क्वार्टर की पानी की टंकी में पूनम का शव मिला था।
विस्तार
सोमवार की रात को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर के स्टाफ क्वार्टर की पानी की टंकी में मिला शव पूनम का था। बताया गया है कि पूनम की उसके ही पति कपिल ने घरेलू विवाद में गला दबाकर हत्या कर दी। कपिल जीबीयू परिसर में रहने वाले एक अधिकारी का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। घटना के बाद उसका मोबाइल बंद है और अंतिम लोकेशन स्टाफ क्वार्टर की ही मिली है। जांच में पता चला है कि पूनम अपने पहले पति को छोड़ चुकी है। हालांकि स्टाफ क्वार्टर के दस्तावेज में दोनों का पति-पत्नी के रूप में उल्लेख है।
जीबीयू परिसर में ही कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर कपिल अपनी पत्नी पूनम के साथ रहता था। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात कपिल और पूनम में बहुत झगड़ा हुआ था। उनके घर से तेज-तेज आवाजें आ रही थीं। लोगों ने यह सोचकर हस्तक्षेप नहीं किया कि घरेलू मामला है, शांत हो जाएगा। इस घटना के बाद सुबह लोगों ने पाया कि सब कुछ शांत था तो मान लिया गया कि झगड़ा शांत हो गया है।
सोमवार की रात करीब 11 बजे स्टाफ क्वार्टर की छत पर कुछ लोगों को महिला के कपड़े और सैंडल आदि मिले। इस पर लोगों को शक हुआ। खोजबीन की तो पानी की टंकी में महिला का शव मिला। उसकी पहचान पूनम के रूप में हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आसपास के रहने वाले स्टाफ से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पूनम की हत्या कपिल ने ही की है। घटना के बाद वह फरार है। उसका मोबाइल बंद है। थाना ईकोटेक-1 के प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार कपिल की तलाश की जा रही है।
मृतक महिला से जिम्स के स्टाफ का कोई संबंध नहीं
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के स्टाफ क्वार्टर की पानी की टंकी में मिली मृतक महिला के केस में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) प्रशासन की ओर से जिम्स स्टाफ का संबंध नहीं होने दावा किया है। जिम्स प्रशासन का कहना कि मृत महिला व उसके किसी रिश्तेदार से जिम्स का कोई संबंध नहीं है।
14 साल पहले हुआ था जीबीयू में वर्षा हत्याकांड, आज तक नहीं खुला
जीबीयू में दिसंबर 2010 को असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नगेंद्र सिंह की पत्नी वर्षा की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी थी। यह हत्याकांड आज तक नहीं खुला है। पूनम का शव पानी की टंकी में मिलने के बाद कैंपस में वर्षा हत्याकांड की भी चर्चा होने लगी है। इस हत्याकांड में पुलिस को कोई भी पुख्ता सबूत नहीं मिला था। वारदात वाले दिन डॉ. नागेंद्र सिंह ऑफिस से अपने घर लौटे तो वर्षा का शव बाथरूम में मिला था। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस की नाकामी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वर्षा का गायब हुआ मोबाइल तक का पता नहीं लग सका था। पुलिस ने जीबीयू कैंपस के माली, नौकरानी, स्टाफ आदि सब से पूछताछ की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। सभी के फिंगर प्रिंट लिए। नमूने जांच के लिए आगरा भेजे। दिल्ली की एक एजेंसी की भी मदद ली गई। इसके बाद भी यह हत्याकांड आज भी एक पहेली बना हुआ है।