नोएडा: विरोध के बीच दुष्कर्म पीड़िता युवती का हुआ अंतिम संस्कार, आरोपियों से पूछताछ जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र एक गांव की दुष्कर्म पीड़िता युवती का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजन करीब चार घंटे के विरोध के बाद अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पहले डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इससे पहले जीटीबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद युवती के शव को पुलिस अभिरक्षा में दिल्ली से नोएडा लाया गया।
परिजनों का आरोप है कि युवती के साथ 17 जनवरी को दो युवकों ने दुष्कर्म कर उसकी पीट पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-49 में दो युवकों समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत की थी कि उनकी 20 वर्षीया बेटी सेक्टर-68 स्थित कंपनी में काम करती थी। शनिवार सुबह नौ बजे रोज की तरह वह ऑफिस के लिए निकली। रात को दीया नामक एक युवती ने उन्हें फोन कर जानकारी दी थी कि उनकी बेटी सड़क हादसे में घायल हो गई है। वह जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती है।
पिता का आरोप है कि अस्पताल जाकर जब बेटी की हालत देखी तो कहीं से भी सड़क हादसे में घायल नहीं लग रही थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी के साथ श्याम व सचिन नामक युवकों ने दुष्कर्म किया और उसकी बुरी तरह पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद युवती को जेवर से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया था। वहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली सेक्टर-49 में जमकर हंगामा किया था। सोमवार सुबह जीटीबी अस्पताल में युवती का पोस्टमार्टम हुआ।
इसके बाद दोपहर करीब दो बजे पुलिस अभिरक्षा में युवती के शव को गांव लाया गया। शव के पहुंचते ही परिवार के लोगों के बीच कोहराम मच गया और गांव के लोग गमगीन हो गए। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर से बातचीत हुई है और दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। देर शाम तक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस बारे में पुलिस आधिकारिक बयान देगी।
परिजन चार घंटे के बाद ले गए अंतिम संस्कार करने
करीब दो बजे पुलिस अभिरक्षा में शव गांव पहुंचा। इसके बाद करीब चार घंटे तक परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में लोग आते रहे। परिजनों का कहना था कि मौके पर डीएम को बुलाया जाए। इसके साथ ही परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी ले रहे थे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझाया और शाम छह बजे अंतिम संस्कार के लिए शव को ले गए।
दो एसीपी लगे रहे इस मामले में
इस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय एसीपी के अलावा एक और एसीपी को इसकी जिम्मेदारी दी। एसीपी अरुण कुमार सिंह इस घटना के बाद परिजनों के संपर्क में रहे और जब युवती के शव को गांव ले जाया गया तो वहां भी मौजूद रहे। गांव में कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़े इसके लिए भारी पुलिसकर्मियों की तैनाती थी।
पुलिस कमिश्नर करते रहे मॉनिटरिंग
पुलिस कमिश्नरी बनने के बाद हुई इस बड़ी घटना को लेकर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह सक्रिय थे। इस घटना के बाद स्थिति को संभालने के लिए एक तेजतर्रार एसीपी को लगाया था। रविवार से लेकर बुधवार को अंतिम संस्कार होने तक वह इस घटना की पल पल की जानकारी लेते रहे। पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली पुलिस अधिकारियों से भी इस मामले में बातचीत की और मेडिकल रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली।
डॉक्टरों के संपर्क में रही नोएडा पुलिस
सोमवार सुबह जब जीटीबी अस्पताल में युवती का पोस्टमॉर्टम होना था। उससे पहले ही नोएडा पुलिस की टीम वहां पहुंच गई। कोतवाली सेक्टर-49 के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा वहां मौजूद थे। पोस्टमार्टम होने के बाद रिपोर्ट शाम तक आने की बात हुई तो पुलिस अधिकारी पोस्टमॉर्टम में लगे चिकित्सकों से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया। देर शाम तक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आरोपी युवकों से चल रही पूछताछ
पुलिस इस मामले में आरोपी सचिन व श्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं इनके साथ गई एक और युवती दीया से भी इस घटना के बारे में पूछताछ की गई है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका अपनी सहेली के साथ दो युवकों के साथ 17 जनवरी को मथुरा गई थी। वहां यमुना एक्सप्रेस वे पर मथुरा के नौझील इलाके में युवती घायल हो गई थी। बाद में उसकी मौत अस्पताल में हो गई थी।