सावधान! सिगरेट पीने के आदी हैं तो ये खबर आपके लिए है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात महर्षि दयानंद आगरा चौक के पास टैंपो में अवैध रूप से परिवहन की जा रही करीब 80 लाख रुपये की सिगरेट जब्त की। पुलिस ने टैंपो को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया और सिगरेट बनाने वाली कंपनी के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल चालक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
शहर थाना प्रभारी संतोष कुमार के अनुसार मुखबिर ने सूचना दी कि मथुरा की ओर से एक टैंपो में लाखों रुपये की सिगरेट ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने महर्षि दयानंद आगरा चौक पर नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। देर रात एक संदिग्ध नजर आ रहे टैंपो को रुकवा कर तलाशी ली तो उसमें से सिगरेट के 80 हजार पैकेट बरामद किए गए।
जांच करने पर पाया कि 20 हजार पैकेट बिना किसी मार्का के और 60 हजार पैकेट अन्य मार्का के थे। सिगरेट के पैकेट पर कंपनियों की ओर से लिखी जान वाली चेतावनी भी नहीं थी, जिससे साबित हो कि सिगरेट कंपनी की है तथा नियमों के अनुसार बनाई गई है। चालक के पास इन सिगरेटों का बिल भी नहीं था।
पूछताछ के बाद टैंपों चालक ब्रह्मपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि वह टैंपो को लेकर कोसी से रवाना हुआ था और दिल्ली लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी, ट्रक मालिक व सिगरेट बनाने वाली कंपनी के मालिक के भी खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इन सिगरेट का परिवहन दिल्ली होते हुए कोलकाता से विदेश किया जाना था।
सिगरेट बनाने में नहीं की गई नियमों की पालना
पुलिस के अनुसार जांच के बाद पाया गया कि जो सिगरेट जब्त की गई हैं, वह कोटपा एक्ट (द सिगरेट एंड अदर टोबैको प्रॉडक्ट्स एक्ट) के नियमों के तहत नहीं बनी है। इस एक्ट के तहत सिगरेट बनाने में जो तंबाकू व अन्य सामान का इस्तेमाल होता है, वह पूरा नहीं है। इसके अलावा सिगरेट के पैकेट पर धूम्रपान करना सेहत के लिए हानिकारक है जैसी चेतावनी भी नहीं दी गई है।
मथुरा से टैंपो लेकर चला था कोई और चालक
पुलिस सूत्रों से यह बात सामने आई है कि सिगरेट से भरे टैंपो को लेकर मथुरा से पहले एक अन्य चालक चला था। उसके बाद टैंपो मालिक का ब्रह्मपाल के पास फोन आया कि टैंपो को लेकर उसे दिल्ली पहुंचाना है। इसके बाद मथुरा से आया चालक कोसी में उतर गया और वहां से टैंपो को लेकर ब्रह्मपाल दिल्ली के लिए रवाना हो गया, लेकिन पलवल में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।