गुरुग्राम में मुठभेड़: हत्या की फिराक में आए बदमाश को पुलिस ने दबोचा, एसआई को लगी गोली...पिस्टल-रिवॉल्वर बरामद
मुठभेड़ के दौरान एक गोली एसआई को भी लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के चलते वे बाल-बाल बच गए। आरोपी पर दिल्ली व हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हत्या की फिराक में आए कुख्यात बदमाश को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पुलिस पर फायरिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक गोली एसआई को भी लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के चलते वे बाल-बाल बच गए। आरोपी पर दिल्ली व हरियाणा में हत्या करने, हत्या का प्रयास करने, रंगदारी मांगने, अवैध वसूली करने व अवैध हथियार रखने सहित क्राइम के 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक बाइक, एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, दो मैगजीन, सात जिन्दा कारतूस बरामद किए हैं। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच के प्रभारी एसआई अमित कुमार को सूचना मिली कि एक आरोपी गुरुग्राम की तरफ आ रहा है। सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच, मानेसर क्राइम ब्रांच व गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने एसपीआर रोड पर नाकाबंदी कर दी। बुधवार की रात करीब एक बजे पुलिस ने एक बाइक को रोकना चाहा तो बाइक चालक ने पुलिस गाड़ी को टक्कर मार दी। युवक भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही करते हुए गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी और पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान पानीपत के सुभाष उर्फ भाषा (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगने के कारण घायल हुए बदमाश आरोपी सुभाष उर्फ भाषा को इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया। वहीं प्रबंधक थाना खेड़की दौला, सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मुठभेड़ में कुल 11 राउंड फायर हुए। जिनमें से आरोपी की तरफ से 7 तथा पुलिस की तरफ से 4 फायर किए गए।
हत्या की फिराक में कर रहा था रेकी
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पिछले कई दिनों से गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में रहकर एक व्यक्ति की रेकी कर रहा था। जिससे कि वह मौका पाकर उस व्यक्ति की हत्या करने की वारदात को अंजाम दे सके। वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसको काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के साथियों को पुलिस को तलाश है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के बाद पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा। - वरुण दहिया, एसीपी क्राइम, गुरुग्राम